छपरवाह के चक्की घाट और गायत्री नगर के बाबा घाट सहित दूसरे नदी घाटों पर होगी सूर्योपासना के महापर्व छठ की पूजा, तैयारियां तेज 

IMG 94f1803a de2c 43f4 b96c 1372ad3dd082

छपरवाह के चक्की घाट और गायत्री नगर के बाबा घाट सहित दूसरे नदी घाटों पर होगी सूर्योपासना के महापर्व छठ की पूजा, तैयारियां तेज 

शहर में नहाय-खाय के साथ हुई महापर्व की शुरुआत, चार दिनों तक गूंजेंगे छठी मैया के जयकारे

कटनी (YASHBHARAT.COM)। लोक आस्था, पवित्रता, त्याग और सूर्योपासना का महापर्व छठ आज 13 नवम्बर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव से शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व की शुरुआत के साथ ही घरों में धार्मिक वातावरण बनने लगा है और छठी मैया के गीतों से माहौल भक्तिमय हो उठा है। वहीं दूसरी तरफ पर्व की पूजा अर्चना के लिए नदी घाटों को भी विशेष साफ सफाई कर दुल्हन की तरह सजाया जा रहा। शहर में छठ पर्व की विशेष पूजा उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह में सिमरौल नदी के चक्की घाट, गायत्री नगर के बाबा घाट और एनकेजे में बजरंग नगर कालोनी के समीप जलंगार नदी घाट में होती है। इसके अलावा कुछ लोग कटाए घाट सहित शहर व उपनगरीय क्षेत्रों पर स्थित दूसरे नदी पर पर भी पूजा करते हैं। इसलिए नगर सरकार के द्वारा महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के दिशा निर्देश पर विशेष साफ सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था कराई जा रही है। बहरहाल आज 13 नवम्बर शुक्रवार को छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई गई। आज पहले दिन व्रती स्नान कर घरों की साफ-सफाई में जुटे रहे और पूरी शुद्धता एवं सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। परंपरा के अनुसार आज के दिन लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद तैयार किया गया। भोजन बनाने से लेकर ग्रहण करने तक विशेष शुद्धता और नियमों का पालन किया गया।

इसे भी पढ़ें-  ट्रक हड़पने के लिए रची साजिश: उत्कर्ष उपाध्याय का ट्रक कब्जे में लेकर फर्जी दस्तावेजों से भाई के नाम कराया ट्रांसफर; मनीष गिरी समेत 4 पर केस

वहीं छठ महापर्व के दूसरे दिन कल 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ होगा।

पर्व के तीसरे दिन परसो 15 नवम्बर व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे पहुंचकर अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य की आराधना की जाएगी। चौथे और अंतिम दिन 16 नवम्बर को सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति आभार, परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और लोक आस्था का अनुपम प्रतीक भी है। इस महापर्व में स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का विशेष महत्व है।

कटनी में भी छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। व्रती और उनके परिजन पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की जा रही है। घाटों पर भी पूजा-अर्चना की तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना के इस महापर्व पर पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूरी आस्था एवं निष्ठा से छठ महापर्व मना रहे हैं।