
कांकेर। नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में मतदान से पहले नक्सलियों ने फिर दहशत फैलाने का प्रयास किया। रविवार सुबह कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकली बीएसएफ व डीएफ की संयुक्त टीम को देख नक्सलियों ने ताबड़तोड़ छह सीरियल विस्फोट किए। इस दौरान आइईडी विस्फोट की चपेट में आने से बीएसएफ के एसआइ महेंद्र कुमार सिंह शहीद हो गए। जबकि एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
एसपी केएल ध्रुव ने बताया कि शनिवार सुबह कोयलीबेड़ा उदनपुर बेस कैंप से बीएसएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए कोयलीबेड़ा से दक्षिण की ओर रवाना हुई थी। रविवार सुबह 8.45 बजे कोयलीबेड़ा से 12 किमी दूर ग्राम गट्टाकाल व गोमे के बीच नक्सलियों ने सीरियल आइईडी ब्लास्ट किया। इसकी चपेट में आने से बीएसएफ 35 बटालियन में पदस्थ उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह व कोयलीबेड़ा थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश गढ़िया घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय महेंद्र ने दम तोड़ दिया। वह राजस्थान के भरतपुर जिले के तहसील रूपवास अंतर्गत ग्राम डुमरिया के निवासी थे।
मुठभेड़ में एक वर्दीधारी नक्सली ढेर
इधर बीजापुर जिले के बेदरे थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुई मुठभेड़ में एसटीएफ और डीआरजी के जवानों ने एक वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया। घटनास्थल से उसका शव, भरमार बंदूक, विस्फोटक, हैंडग्रेनेड आदि बरामद किया गया है। एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि मारे गए नक्सली की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सुकमा में मिल 8 किलो आइईडी
सुकमा जिले में मतदान के दृष्टिगत मार्गों की जांच के दौरान प्लांट किया गया आठ किलो आइईडी बरामद किया गया। विस्फोटक को लखापाल इलाके के एक ऐसे मार्ग पर लगाया गया था जिसका उपयोग सुरक्षा बल करते हैं। विस्फोटक को मौके पर ही निष्प्रयोज्य कर दिया गया।
10.7% voter turnout recorded till 10 am in the first phase of #ChhattisgarhAssemblyElections2018 in 18 constituencies pic.twitter.com/xl8v1GEMAD
— ANI (@ANI) November 12, 2018








