कटनी -पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में, श्रीमान अति पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ संतोष डेहरिया एवं एस डी ओ पी महोदय स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग एवं सत्यापन की कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा आदतन अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, आजीविका एवं आपराधिक प्रवृत्तियों की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही उन्हें अपराध से दूर रहने एवं कानून व्यवस्था भंग न करने की समझाइश दी गई। जिन व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध रहे हैं, उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की भी जांच की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
पुलिस प्रशासन आमजन से अपील करता है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।