9-10 अक्टूबर को माधवनगर में होगा हरेमाधव वर्सी महोत्सव देशभर से हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, शोभायात्रा, सत्संग-कीर्तन व भंडारे का आयोजन

9-10 अक्टूबर को माधवनगर में होगा हरेमाधव वर्सी महोत्सव

देशभर से हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, शोभायात्रा, सत्संग-कीर्तन व भंडारे का आयोजन

कटनी। पूर्ण विदेही मुक्त संत सतगुरु बाबा माधवशाह एवं सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब जी की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला दो दिवसीय हरेमाधव वर्सी पर्व इस वर्ष 9 एवं 10 अक्टूबर को माधवनगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को हरेमाधव दरबार साहिब, माधवनगर में जीवनमुक्त सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के पावन सानिध्य में आम बैठक आयोजित हुई। इसमें शहर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों, संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के सेवादारों ने वर्सी पर्व के कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। 9 अक्टूबर को सुबह 8 बजे हरेमाधव दरबार साहिब से सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी की शोभायात्रा निकलेगी। ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में पुष्प सुसज्जित रथ पर सतगुरु साहिब विराजमान रहेंगे। विभिन्न सेवा दलों एवं सिंधु नवयुवक मंडल द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शोभायात्रा सत्संग स्थल बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने स्थित हरेमाधव दरबार प्रांगण पहुंचेगी।

यहां भव्य पंडाल में सत्संग-कीर्तन होगा। 9 अक्टूबर की शाम 7 बजे से शब्द-कीर्तन, भजन एवं रागों का गायन होगा। 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी द्वारा अमृत वर्षा के साथ आध्यात्मिक सत्संग होगा। इसके बाद आम भंडारा (हरेमाधव ब्रह्म भोज) आयोजित किया जाएगा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की नि:शुल्क सेवाएं

वर्सी पर्व के अवसर पर बाबा माधवशाह चिकित्सालय में नागपुर, जबलपुर एवं रायपुर से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं दी जाएंगी। चिकित्सालय में उपलब्ध दवाइयां भी नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। इसकी व्यवस्था बाबा माधवशाह चिकित्सालय संचालन समिति द्वारा की जा रही है।

विभिन्न संस्थाओं ने संभाली सेवा की जिम्मेदारी

आयोजन की व्यवस्थाओं में हरेमाधव कारसेवक, सिंधु नौजवान मंडल, मप्र युवा सिंधी समाज, किराना व्यापारी संघ, बाबा मनोहरशाह सेवा मंडल, राइस मिल एसोसिएशन, डायमंड क्रिकेट क्लब, मुनीम एसोसिएशन, झूलेलाल सेवा मंडल, वस्त्र विक्रेता संघ माधवनगर, बाबा गोविंदशाह सेवा मंडल, बाबा नारायणशाह ग्रुप, स्टेशनरी विक्रेता संघ, सिंधी शिक्षक संघ, बाबा माधवशाह सेवा मंडल सहित अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने विभिन्न सेवा कार्यों की जिम्मेदारियां ग्रहण की हैं।

श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था

वर्सी पर्व में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बाबा माधवशाह भवन, बाबा नारायणशाह भवन, सतगुरु बाबा मनोहरशाह भवन, सिंधु भवन, डायमंड इंग्लिश स्कूल, श्री पंजाबी सनातन धर्मशाला, बाबा आत्माराम धर्मशाला, एमईएस लाइन धर्मशाला, मंगल आत्म भवन, सिंधु सदन, बाबा नारायणशाह मैरिज गार्डन, गुरुनानक धर्मशाला, अर्जुन पैलेस, टीजीएस होटल सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और सेवादारों के निवास पर ठहरने की व्यवस्था की गई है।

माधवनगर रोड स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव की तैयारी

हरेमाधव वर्सी पर्व के दौरान 8 से 11 अक्टूबर तक माधवनगर रोड रेलवे स्टेशन पर नियमित ट्रेनों के अलावा दूरगामी ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था किए जाने की जानकारी समिति ने दी है। इसके लिए पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वीकृति मिलने की बात कही गई है।

Exit mobile version