Tuesday, May 19, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

वर्षा ऋतु के दौरान सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने निगम प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,बरगवां क्षेत्र में सार्वजनिक नाले के ऊपर से हटाया गया लगभग 100 फीट का अनधिकृत निर्माण, नाले की कराई गई सफाई

वर्षा ऋतु के दौरान सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने निगम प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,बरगवां क्षेत्र में सार्वजनिक नाले के ऊपर से हटाया गया लगभग 100 फीट का अनधिकृत निर्माण, नाले की कराई गई सफा

 

कटनी। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान नगर में जलभराव एवं जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो तथा नागरिकों को राहत मिल सके, इसके लिए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों का सतत निरीक्षण कर नाले-नालियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने एवं जल निकासी में बाधा बनने वाले निर्माणों पर कार्यवाही की जा रही है।

 

इसी क्रम में मंगलवार शाम मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत बारगवां क्षेत्र में इंडियन कॉफी हाउस के सामने एवं गुप्ता नर्सिंग होम के पास सार्वजनिक नाले के ऊपर चबूतरा निर्माण कर किए गए लगभग 100 फीट लंबे अनधिकृत अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की गई। अतिक्रमण के कारण नाले का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिससे वर्षा के दौरान क्षेत्र में जलभराव की आशंका बनी हुई थी।

 

अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि विगत दिनों निगमायुक्त द्वारा वर्षा पूर्व तैयारियों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान उक्त स्थल का भी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में पाया गया कि नाले के ऊपर किए गए अवैध निर्माण के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है तथा आसपास के क्षेत्र में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए गए थे।

 

निर्देशों के परिपालन में निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर अनधिकृत निर्माण हटाया गया तथा नाले की विशेष सफाई कराई गई, जिससे वर्षा जल का प्रवाह सुचारू रूप से हो सके।

 

निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों एवं अवरोधों के विरुद्ध आगे भी निरंतर अभियान जारी रहेगा, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

कार्यवाही के दौरान नगर निगम के क्षेत्रीय उपयंत्री सहित अतिक्रमण शाखा का अमला उपस्थित रहा।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि