जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 की कैंटीन में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफर
जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर स्थित खानपान कैंटीन में अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे स्टॉल को अपनी चपेट में ले लिया। कैंटीन से उठती आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के चलते प्लेटफार्म पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंटीन में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में तेजी से फैलने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रबंधन सक्रिय हुआ और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल अमले के पहुंचने से पहले ही रेलवे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। कर्मचारियों ने ट्रेनों में पानी भरने के लिए लगाए गए पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
कर्मचारियों की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। इससे आग को और अधिक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, कैंटीन में आग लगने से यात्रियों और स्टेशन कर्मचारियों के बीच काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन सामने आना बाकी है।












