कटाएघाट मेला मैदान में 20 नवंबर को मुख्यमंत्री कन्या विवाह,निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन,समारोह की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने सौंपी जिम्मेदारियां

IMG 20261118 WA0066

कटाएघाट मेला मैदान में 20 नवंबर को मुख्यमंत्री कन्या विवाह,निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन,समारोह की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने सौंपी जिम्मेदारिया

 

कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह,निकाह योजना के अंतर्गत 20 नवंबर को प्रातः 10 बजे से कटाएघाट मेला मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आयोजन की व्यापक व्यवस्थाओं को लेकर आदेश जारी करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी जाकर सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

 

जारी आदेश के अनुसार विवाह समारोह आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी एवं मार्गदर्शन का दायित्व उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता एवं राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर पाठक को सौंपा गया है। वहीं विवाह एवं निकाह से संबंधित पात्र वर-वधुओं के दस्तावेजों का सत्यापन, विवाह प्रमाण पत्र वितरण, परिजनों से समन्वय, बैठक व्यवस्था तथा भोजन सहित आवश्यक सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई है।

 

अतिथियों के स्वागत से लेकर भोजन तक की रहेगी समुचित व्यवस्था

 

समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। समारोह में शामिल होने वाले वर-वधुओं एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में शुद्ध पानी के टोंटीयुक्त टैंकर सहित पेयजल स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक जोड़े, ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही आयोजन स्थल पर स्वागत सत्कार, टेंट, पंडाल, शामियाना, साज-सज्जा, कुर्सियां, महिला एवं पुरुषों के लिए चेंजिंग रूम, माइक, साउंड सिस्टम तथा हवन के लिए बेदी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जोड़े के मान से वरमाला, पान एवं विवाह कार्यक्रम के दौरान चाय आदि की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया गया है।

इसे भी पढ़ें-  कटनी में कोचिंग सेंटरों पर कसेगी नकेल: कलेक्टर आशीष तिवारी ने पंजीयन के लिए 10 अधिकारी किए नामांकित; सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य नियमों का होगा सख्ती से पालन

 

सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष जोर

 

आयोजन स्थल पर अग्निरोधक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश अग्निशमन विभाग को दिए गए हैं। वहीं कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के पहुंच मार्गों की विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, फॉगिंग तथा कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जाएगा। आवारा जानवरों के नियंत्रण, डस्टबिन की व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल पर बैंड की उपलब्धता सुनिश्चित करने का दायित्व भी संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया है।

 

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण कराएं, ताकि मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह समारोह में शामिल होने वाले हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।