बकाया किराया जमा नहीं करने पर निगम ने दिखाई सख्ती, दुकान में की तालाबंदी,बस स्टैंड स्थित दुकान क्रमांक 42 पर हुई कार्रवाई, आवंटी पर लंबे समय से करीब 94 हजार रुपये से अधिक का किराया बकाय
कटनी। नगर निगम प्रशासन ने बकाया राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए लंबे समय से दुकान किराया जमा नहीं करने वाले आवंटियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में राजस्व अमला सक्रिय होकर बकायादारों से वसूली में जुटा है।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि बुधवार सुबह निगम की बाजार शाखा द्वारा बस स्टैंड स्थित निगम स्वामित्व की दुकान क्रमांक 42 में तालाबंदी की कार्रवाई की गई। दुकान के आवंटी राजेश काकवानी पर अप्रैल 2022 से नवंबर 2026 तक लगभग 94 हजार 613 रुपये का किराया बकाया था। बकाया राशि जमा करने के लिए पूर्व में कई बार सूचित किए जाने के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर निगम प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी।
बकायादारों को निगम का स्पष्ट संदेश
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निगम स्वामित्व की दुकानों का किराया एवं अन्य राजस्व बकाया रखने वालों को अब किसी प्रकार की ढिलाई नहीं दी जाएगी। बार-बार सूचना एवं अवसर दिए जाने के बाद भी राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वित्तीय वर्ष के शेष चार माहों को देखते हुए राजस्व वसूली अभियान तेज कर दिया गया है। निगम प्रशासन ने सभी दुकान आवंटियों एवं करदाताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया किराये एवं करों की राशि तत्काल जमा करें। समय पर भुगतान कर न केवल अनावश्यक कार्रवाई एवं असुविधा से बचें, बल्कि नगर विकास में भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।












