जे.के. वॉल पुट्टी के नाम पर बेची जा रही थी नकली पुट्टी, कोतवाली पुलिस ने 58 बोरियां कीं जब्त,शिवाजी नगर स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज पर छापा, दुकान संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्
कटनी। ब्रांडेड जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी के नाम पर कथित तौर पर नकली पुट्टी बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के ब्रांड और लोगो का अनधिकृत इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बेचने की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शिवाजी नगर स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी की 58 बोरियां जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 51 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकान संचालक के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को जे.के. वॉल पुट्टी कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि कटनी में कंपनी के ब्रांड और लोगो का दुरुपयोग कर नकली वॉल पुट्टी का विक्रय किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना प्रभारी ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा को पुलिस बल एवं कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी के साथ कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने शिवाजी नगर गली नंबर-2 स्थित जे.पी. इंटरप्राइजेज पर दबिश दी। यहां दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे (42), निवासी शिवाजी नगर कटनी, मौजूद मिला।
कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ने दुकान में रखी वॉल पुट्टी की बोरियों का परीक्षण किया। दुकानदार से जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी के पंजीयन एवं अधिकृत विक्रय संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह ऐसे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने के.जे. वॉल पुट्टी के नाम से पंजीयन होने की जानकारी दी। जांच अधिकारी ने परीक्षण रिपोर्ट में बताया कि दुकान में रखी बोरियां जे.के. कंपनी की असली बोरियों की नकल कर तैयार की गई हैं और उन पर कंपनी के ब्रांड एवं लोगो का अनधिकृत उपयोग किया गया है।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जे.के. प्रीमियम वॉल पुट्टी की 40-40 किलोग्राम वजन वाली कुल 58 बोरियां विधिवत जब्त कर लीं। जब्त सामग्री की कीमत 51,800 रुपये आंकी गई है। मामले में दुकान संचालक जय प्रकाश दुबे के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1325/26, धारा 63 एवं 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा एवं सहायक उपनिरीक्षक विजय गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












