निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में निगम परिषद का सम्मिलन संपन्न, महत्वपूर्ण विषयों पर हुई सार्थक चर्च
कटनी – नगर पालिक निगम कटनी की परिषद का सम्मिलन निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
निगम अध्यक्ष श्री पाठक की अनुमति से प्रारंभ हुए सम्मिलन में सर्वप्रथम नियम 17 के अंतर्गत शेष प्रश्नों पर चर्चा की गई। इसके पश्चात महत्वपूर्ण पत्र व्यवहार के विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक के एजेंडे में शामिल तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी सदन में गंभीरता एवं विस्तार से चर्चा की गई।
परिषद सम्मिलन में योजना क्रमांक 17 के संबंध में निगम द्वारा माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष विचाराधीन पुनरीक्षण याचिका में निर्णय आने के उपरांत नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने का निर्णय लिया गया। वहीं प्रमोटर स्कीम के अंतर्गत वाणिज्य केंद्र के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही किए जाने पर भी सदन द्वारा निर्णय लिया गया।
आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर निगम अध्यक्ष ने दिया विशेष जोर
बैठक के दौरान निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि अग्निशमन विभाग के सभी वाहनों को पूर्ण रूप से दुरुस्त एवं क्रियाशील रखा जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के प्रशिक्षण, उनकी दक्षता एवं कार्यक्षमता के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विभाग में प्रशिक्षित एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्राप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान प्रशिक्षित अमला पूरी दक्षता और जिम्मेदारी के साथ राहत एवं बचाव कार्य संपादित कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शोक प्रस्ताव के साथ दिवंगत आत्माओं को दी गई श्रद्धांजलि
सम्मिलन के अंत में बरही में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों के आकस्मिक निधन, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान जी की पूज्य माताजी एवं निगम अध्यक्ष मनीष पाठक के चचेरे भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप पाठक जी के निधन पर सदन द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया गया।
सभी दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए परिषद के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि परिषद शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विषयों पर गंभीरता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निगम का प्रत्येक निर्णय कटनी शहर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों के हितों को केंद्र में रखकर लिया जाएगा।












