Bhopal Crime news: उम्र 24 साल, हत्या सहित 28 प्रकरणों में आरोपित गुंडे का एक करोड़ का अवैध मकान ढहाया

भोपाल। राजधानी में गुंडे-मवालियों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में रविवार को हनुमानगंज थाना इलाके के कुख्यात गुंडे फैजान उर्फ भेड़ा का अवैध निर्मित तीनमंजिला मकान ढहा दिया गया। 24 वर्ष के फैजान के खिलाफ 28 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास जैसे संगीन मामले शामिल हैं। मकान की कीमत एक करोड़ रुपये बताई गई है।

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक फैजान ने 15 वर्ष की उम्र में एक व्‍यक्ति की हत्या का प्रयास करते हुए अपराध की दुनिया में कदम रखा था। 16 वर्ष की उम्र में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद उसके अपराधों की फेहरिस्त लंबी होती गई। वर्तमान में हत्या के प्रयास के मामले में वह जेल में है। उसके खिलाफ दो बार रासुका के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। फैजान ने फूटा मकबरा के पीछे एकता नगर में छह सौ वर्ग फीट के भूखंड पर अवैध रूप से तीनमंजिला मकान बना लिया था। नगर निगम के अधिकारी भी उसके आतंक के चलते कार्रवाई करने में हिचकिचाते थे। रविवार को पुलिस, प्रशासन, नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर मकान को ढहा दिया। इस तरह की मुहिम चलने से राजधानी के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

बदमाश के परिजनों ने किया था हमला, गिरफ्तार

हनुमानगंज थाना प्रभारी महेंद्रसिंह ठाकुर ने बताया कि शनिवार को लक्ष्मी टॉकीज के पास रहने वाले बदमाश अहमद शाह उर्फ बॉबी का अवैध बना मकान ढहाया गया था। कार्रवाई के दौरान बॉबी के परिवार की महिलाओं ने नगर निगम की महिला कर्मचारी संजू खत्री के साथ मारपीट कर दी थी। पुलिस ने मारपीट कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में किश्वर, सादाब बानो, अरसी, तस्कीम, असराबी को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version