गुलवारा में नुक्कड़ नाटक से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

गुलवारा में नुक्कड़ नाटक से दिया सामाजिक जागरूकता का संदे

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी की ओर से प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में 24 सितंबर को ग्राम गुलवारा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सामाजिक सरोकारों, नागरिक दायित्वों और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

महाविद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सद्भाव और नागरिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी संदेश दिया। विद्यार्थियों के संवाद और अभिनय ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

नाटक के माध्यम से बताया गया कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नशे से दूर रहने, महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति संवेदनशील रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और समाजहित में सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ ही जनजागरूकता का संदेश भी प्रभावी ढंग से पहुंचाया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को ग्रामीणों ने सराहा।

Exit mobile version