एनएसएस स्थापना दिवस पर सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत भाषण प्रतियोगिता व रचनात्मक गतिविधियां आयोजित

एनएसएस स्थापना दिवस पर सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश

‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत भाषण प्रतियोगिता व रचनात्मक गतिविधियां आयोजि

कटनी। चड्ढा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन द्वारा संचालित कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स ऑटोनॉमस कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा के मार्गदर्शन एवं एनएसएस अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र वर्मा के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने लक्ष्य गीत ‘उठें समाज के लिए उठें-उठें, जगें स्वराष्ट्र के लिए जगें-जगेंगे…’ प्रस्तुत किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ, तिलक एवं एनएसएस बैच लगाकर स्वागत किया गया।

प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की उत्कृष्ट शैली है। यह युवाओं को स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने एनएसएस के माध्यम से सामाजिक संवेदना, कर्तव्यबोध और नेतृत्व क्षमता के विकास पर जोर दिया तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

महाविद्यालय के पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं वर्तमान परीक्षा नियंत्रक डॉ. आर.आर.एस. परिहार ने एनएसएस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 24 सितंबर 1969 को गांधी जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत हुई थी।

स्थापना दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को समाज के कमजोर वर्गों की सहायता, राष्ट्रीय एकता बनाए रखने तथा निरंतर सामुदायिक सेवा की शपथ दिलाई गई। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन एनएसएस अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र वर्मा ने किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर चड्ढा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर देवाशीष चड्ढा, उप-प्राचार्य डॉ. राजीव खत्री, परीक्षा केन्द्राध्यक्ष डॉ. स्वाति छिरौल्या, कुलसचिव शरद निरंकारी, ऑटोनॉमस सेल प्रभारी आराधना अग्रहरि, वाणिज्य विभागाध्यक्ष अतुल जैन, कम्प्यूटर एवं साइंस विभागाध्यक्ष मुकेश गुप्ता सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version