प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने 23 वर्षीय बेटी को माना मृत: घर में तस्वीर पर माला चढ़ाकर की शोक सभा, 3 दिसंबर को होनी थी शादी
रतलाम (जावरा): मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में एक परिवार ने अपनी इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह करने से आहत होकर अपनी 23 वर्षीय बेटी से हमेशा के लिए नाता तोड़ लिया है। परिवार ने न केवल बेटी को जीते-जी मृत घोषित कर दिया, बल्कि सोमवार सुबह घर पर बाकायदा शोक कार्यक्रम (गोरनी) भी आयोजित किया। इस दौरान बेटी की तस्वीर रखकर उस पर माला चढ़ाई गई और पंडित को बुलाकर हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ करने के बाद रिश्तेदारों और समाजजनों के लिए भोज का आयोजन भी किया गया।
3 दिसंबर को होनी थी शादी, बंट चुके थे निमंत्रण पत्र
यह पूरा मामला जावरा के कुम्हारीपुरा क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक परिवार की सबसे छोटी बेटी की शादी आगामी 3 दिसंबर को जावरा में ही तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं, रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके थे और घर में भागवत कथा का आयोजन भी चल रहा था। इसी बीच परिवार को सूचना मिली कि युवती ने रिंगनोद निवासी अपने प्रेमी के साथ उज्जैन जाकर विवाह कर लिया है।
होने वाले ससुराल में फोन कर खुद दी दूसरी शादी की जानकारी
परिजनों के अनुसार, बेटी ने इस शादी की जानकारी अपने मायके वालों को देने के बजाय सीधे अपने होने वाले ससुराल में फोन कर दी और बताया कि उसने दूसरी जगह विवाह कर लिया है। ससुराल पक्ष से यह बात मायके वालों तक पहुंची, जिससे परिवार स्तब्ध रह गया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद युवती थाने में पेश हुई। हालांकि, इस घटनाक्रम से आहत पिता और परिजनों ने बेटी के फैसले को स्वीकार करने से इनकार करते हुए उसे मृत मानकर शोक सभा आयोजित कर दी।
पिता का छलका दर्द- ‘मटके का ठेला लगाकर पढ़ाया, लेकिन उसने भावनाएं नहीं समझीं’
युवती के पिता मटके का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और उनके चार बच्चे हैं। अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार छोटी बेटी को कॉलेज तक पढ़ाया-लिखाया और उसकी शादी की धूमधाम से तैयारी की थी। पिता का कहना है कि बेटी ने परिवार की प्रतिष्ठा और भावनाओं का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा, इसी गहरे आघात के चलते परिवार ने यह कदम उठाया है।














