Android Phone Banned At Ayoudh Nirmani: आयुध निर्माणी जबलपुर में टच स्क्रीन वाले फोन पर लगा बैन, बताया बड़ा कारण आयुध निर्माणी खमरिया में नए महाप्रबंधक ने आते ही दूसरा बड़ा धमाका कर दिया। ताजा आदेश में अधिकारियों-कर्मचारियों के कैमरा एवं एडवांस फीचर वाले मोबाइल निर्माणी के अंदर ले जाए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस आदेश से अफसरों एवं यूनियन नेताओं में हड़कंप मचा है।
6 मई को हस्ताक्षरित आदेश तुरंत प्रभाव से लागू
महाप्रबंधक ने छह मई को हस्ताक्षरित आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि निर्माणी में अत्यंत संवेदनशील विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जाता है। लिहाजा ऐसे में मोबाइल से निकलने वाली तरंगें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। आदेश में कहा गया है कि अधिकारी-कर्मचारी बिना कैमरा वाले मोबाइल ही ला सकते हैं। जारी आदेश में कहा गया कि यह देखने में आया है कि, कई कर्मचारी और अधिकारी फैक्ट्री में मोबाइल फोन लेकर आ रहे हैं। इसलिए फैक्ट्री के अंदर मोबाइल फोन लाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है।
तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
ताजा आदेश में कहा गया यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी निर्माणी के अंदर मोबाइल फोन के साथ पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि मोबाइल फोन को प्रशासनिक भवन में संचालित करने की आवश्यकता है, तो महाप्रबंधक से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद ही वह भी केवल बेसिक फीचर वाले मोबाइल फोन ही ले जा सकेंगे। इन माेबाइलों में कैमरा और अतिरिक्त मेमोरी कार्ड जैसे फीचर नहीं होंगे।












