दमोह /कटनी – दमोह रेल स्टेशन क़े बाहर बैठी महिला व दो माह क़े बच्चे क़े साथ आज सुबह अज्ञात व्यक्ति द्वारा मारपीट की गयी जिससे बीमार बच्चे की मौत भी हो गयी जानकरी अनुसार लेखराम गौड़ पिता हरप्रसाद गौड़ उम्र 21 वर्ष वर्ष निवासी ग्राम घोघरा जिला दमोह अपनी पत्नी श्रीमती रामसखी उम्र 21 वर्ष एवं ढाई माह के बच्चे शिवम के साथ ट्रेन नं. 22182 गोडवाना एक्सप्रेस से निजामुदद्दीन से दमोह की यात्रा कर रहे थे।
जो प्रातः 4.43 बजे दमोह स्टेशन पर उत्तरे गये तथा समय 4.53 बजे प्लेटफार्म नं. 1 के यात्री प्रतिक्षालय में रूके हुए थे। फरियादी की पत्नी श्रीमती रामसखी के अनुसार यह अपने ढाई माह के बच्चे शिवम को गोद में लेकर पानी पिला रही थी तथा फरियादी लेखराम बच्चे की तबीयत खराब होने से परिवारजन को उसका इलाज दमोह में ही कराने की सूचना मोबाईल पर दे रहा था।
इसी दौरान एक व्यक्ति (जिसका हुलिया काला कुर्ता, उपर कोटी, केसरिया धोती, पैरो में सफेद चप्पल पहने एवं काला चश्मा लगाये हुए) फरियादी की पत्नी के पास आया और उसे तथा बच्चे को दो-तीन थप्पड़ मारे, जब फरियादी घटना देखकर उनके नजदीक आया तो, उसे भी अज्ञात व्यक्ति ने दो-तीन थप्पड़ मारा और तेजी से बाहर की तरफ निकल गया। बच्चा शिवम अचेतन हो गया।
मदद के लिए प्लेटफार्म पर आसपास देखने पर उसे खाकी वर्दी में एक पुलिस कर्मी मिला, जिसे घटना की जानकारी देने पर उसने आर.पी.एफ. को घटना की सूचना देने हेतु कहा। फरियादी घटना की सूचना देने आर.पी.एफ. आउट पोस्ट पर गया, जहां पर घटना का सी.सी.टी.वी. फुटेज चैक कर आरोपी को चिन्हित किया गया।
सी.सी.टी.वी. फुटेज में अज्ञात आरोपी फरियादी की पत्नी एवं बच्चे के साथ मारपीट करता हुए स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है, किन्तु फरियादी के साथ हाथपाई होना स्पष्ट दर्शित हो रहा है। घटना की सूचना मिलने पर जी.आर.पी. प्रधान आरक्षक श्याम नारायण उपाध्याय आर.पी.एफ.पोस्ट गये जहां से फरियादी और पत्नी एवं बच्चे को लेकर जी.आर.पी. सहायता केन्द्र आए तथा सूचना सहायता केन्द्र प्रभारी सउनि महेश कोरी को दी, सहायता केन्द्र प्रभारी द्वारा महिला आरक्षक नगमा खान को तत्काल फरियादी के साथ ऑटो से जिला अस्पताल दमोह भेजा गया, जहां चिकित्सक ने बालक शिवम को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बालक शिवम गौड का पी.एम. कराया जाकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पी.एम.कर्ता चिकित्सक ने बताया कि पी.एम. में मृतक बालक के शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई है, तथा बिसरा प्रिजर्व किया गया है। फरियादी लेखराम गौड़ ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी का काम करता है, उसका पुत्र ढाई माह का पुत्र शिवम कुपोषित व पूर्व से बीमार था और उसका इलाज सोनीपत में चल रहा था, वह दमोह में ही उसका इलाज कराना चाहता था, जिस कारण वह रेलवे स्टेशन दमोह में रूका हुआ था।
फरियादी ने यह भी बताया कि उसके साथ किसी पुलिस कर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार नहीं किया गया है। रेलवे स्टेशन दमोह में डयूटीरत पर जी.आर.पी. कर्मचारी द्वारा बताया गया कि वह घटना के समय प्लेटफार्म नं. 2 पर आयी यात्री गाडी को अटेण्ड कर रहा था। सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर चिन्हित किए गए आरोपी की तलाश जी.आर.पी. टीम द्वारा की जा रही है। फरियादी एवं उसकी पत्नी शोकाकुल होने से उनका चिकित्सीय परीक्षण दमोह में नही कराया जाकर, हटा चिकित्सालय में कराया जा रहा है।
