कक्षा सातवीं की नई एनसीईआरटी पुस्तकों के शिक्षण पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 800 शिक्षकों ने लिया हिस्सा शिक्षण की नवीन विधियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नैतिक मूल्यों पर हुआ मंथन, प्रशिक्षण के बाद होगा स्कूलों में फॉलोअप

Picsart 26 11 20 17 19 33 036

कक्षा सातवीं की नई एनसीईआरटी पुस्तकों के शिक्षण पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 800 शिक्षकों ने लिया हिस्सा

शिक्षण की नवीन विधियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नैतिक मूल्यों पर हुआ मंथन, प्रशिक्षण के बाद होगा स्कूलों में फॉलोअप

कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में माध्यमिक शाला स्तर के शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वर्तमान शैक्षणिक सत्र से लागू कक्षा सातवीं की सामाजिक विज्ञान, गणित एवं विज्ञान विषयों की नई एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों के प्रभावी शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में जिले के लगभग 800 शिक्षकों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2005 तथा विषयवार शिक्षण की नवीन विधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को केस स्टडी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभावी उपयोग, विद्यार्थियों के अलग-अलग शैक्षणिक स्तर के अनुरूप शिक्षण विधियों का चयन, आनंददायक शिक्षण और विभिन्न विषयों पर माइंड मैप तैयार करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कक्षा शिक्षण को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाना रहा।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस नैतिकता एवं जीवन मूल्यों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें डाइट कटनी के वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी ने शिक्षकों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और करुणा जैसे गुणों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षक के आचरण और नैतिक मूल्यों का विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है।

प्रशिक्षण के दौरान डाइट फैकल्टी राजेन्द्र असाटी, राकेश सिननरकर एवं ज्योति श्रीवास्तव ने विभिन्न विकासखंडों में प्रशिक्षण की मॉनिटरिंग की तथा गणित एवं विज्ञान विषयों को सहज और सरल तरीके से पढ़ाने के लिए शिक्षकों को उपयोगी सुझाव दिए। डाइट कटनी द्वारा सभी बीआरसी, बीएसी, जनशिक्षकों एवं मास्टर ट्रेनर्स को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसे भी पढ़ें-  बच्चों के हित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे पुलिस : एसपी अभिनव विश्वकर्मा पॉक्सो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

प्रशिक्षण के समापन पर प्राचार्य एमपी डुंगडुंग ने सभी शिक्षकों को जिला प्रशासन द्वारा तैयार ई-मटेरियल का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण में सीखी गई शिक्षण विधियों को कक्षाओं में लागू करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के बाद डाइट कटनी एवं जिले के समस्त मॉनिटरिंग अमले द्वारा माध्यमिक शालाओं का भ्रमण कर प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं फॉलोअप किया जाएगा, ताकि विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।