बच्चों के हित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे पुलिस : एसपी अभिनव विश्वकर्मा पॉक्सो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

IMG 20261119 WA0093

बच्चों के हित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे पुलिस : एसपी अभिनव विश्वकर्मा

पॉक्सो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजि

कटनी, 19 नवंबर। देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वोत्तम हितों को सुनिश्चित करना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। लैंगिक शोषण से प्रभावित बच्चों के मामलों में केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना भी बेहद जरूरी है। पॉक्सो अधिनियम का कड़ाई से पालन करते हुए प्रत्येक प्रकरण बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि पीड़ित बच्चों को नियमानुसार सहायता और सहायक व्यक्ति की सुविधा मिल सके। यह बात पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने कही।

वे गुरुवार को आवाज जनकल्याण समिति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों और सहायक व्यक्तियों के लिए आयोजित पॉक्सो कानून के एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आवाज संस्था द्वारा लैंगिक शोषण से प्रभावित बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती ने कहा कि विभाग लैंगिक शोषण से पीड़ित बच्चों के बेहतर पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रयास किए जा रहे हैं कि प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे को सहायक व्यक्ति की सुविधा उपलब्ध हो।

प्रशिक्षण के पहले तकनीकी सत्र में मिशन वात्सल्य के संरक्षण अधिकारी मनीष तिवारी ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और उनके व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के लैंगिक शोषण के मामले गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में सही कानूनी धाराएं लगाने के साथ ही यह भी आवश्यक है कि 24 घंटे के भीतर प्रत्येक प्रकरण की जानकारी निर्धारित प्रारूप ‘क’ एवं ‘ख’ के साथ अनिवार्य रूप से बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाए।

इसे भी पढ़ें-  कार्यादेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समय-सीमा में अनुबंध निष्पादित नहीं करना निगम के दो ठेकेदारों को पड़ा भारी,निगमायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई,अमानत राशि की राजसात, निगम की निविदाओं में भाग लेने पर दो वर्ष तक लगाया प्रतिबंध

दूसरे तकनीकी सत्र में भोपाल से आए आवाज संस्था के राज्य समन्वयक नितेश व्यास ने पीड़ित बच्चों के पुनर्वास में सहायक व्यक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सहायक व्यक्ति को किन जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए। साथ ही इस कार्य में आने वाली चुनौतियों और सीमाओं की जानकारी भी दी। बाल कल्याण समिति कटनी के अध्यक्ष योगेश बघेल ने समिति की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आवाज के जिला समन्वयक देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पीड़ित बच्चों को पॉक्सो कानून के तहत मिलने वाली सुविधाएं सुनिश्चित करना, बाल अनुकूल प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाना और प्रत्येक बच्चे तक सहायक व्यक्ति की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिले में अभी भी बच्चों से संबंधित सभी प्रकरण बाल कल्याण समिति तक नहीं पहुंच रहे हैं और निर्धारित प्रारूपों का पालन भी नहीं हो पा रहा है। इसी कमी को दूर करने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

यह आयोजन 14 से 20 नवंबर तक मनाए जा रहे बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत किया गया। इस दौरान जिले में अन्य जागरूकता एवं संरक्षण संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

प्रशिक्षण में जिले के लगभग 48 पुलिस अधिकारी, 9 सहायक व्यक्ति तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। आवाज संस्था की ओर से मयंक मिश्रा, कल्पना द्विवेदी, दुर्गा जायसवाल और मनोज बासरकर की विशेष उपस्थिति रही।