50 और 500 के नकली नोटों का रैकेट चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़…
भोपाल। राजधानी भोपाल में अपराध शाखा ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक विशेष टीम ऐशबाग थाना के द्वारा नकली नोटों को तैयार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 रुपए,500 रुपये के कई नकली नोट एवं इन नोटों को तैयार करने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण कलर फोटोकॉपी मशीन, नोटो को बनाने में उपयोग में लायी जाने वाले विभिन्न रंगों की स्याही, कागज,कटर मशीन आदि वस्तुओं की भी जब्ती की है।
इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपीगण के नाम (1) अंकेत अहिरवार पिता रमेश अहिरवार,23 वर्ष, (2)दीपक अहिरवार पिता राजेश कुमार,19 वर्ष दोनोनिवासी लक्ष्मीगंज ,गल्लामंडी, जहांगीराबाद, भोपाल है।इस मामले में थाना ऐशबाग को इस बात की जानकारी प्राप्त हुई थी कि एक युवक अक्सर 50 रुपये के कुछ नकली नोटों को लाकर देशी शराब के ठेकों और आसपास के दुकानों में चलाता है।उक्त सूचना पर थाना ऐशबाग के उपनिरीक्षक नीलेश अवस्थी,गौरव पांडे, एवम आरक्षकगण इरफान ,यासीन ,उपेंद्र आदि के द्वारा दीपक अहिरवार को गिरफ्तार कर तलाशी ली जाने पर दीपक के पास 50 रुपये के 5 नकली नोट पाए गए थे,जिनसे पूछताछ की जाने पर दीपक के द्वारा यह जानकारी दी गई कि उक्त नकली नोट को लक्ष्मीगंज निवासी अंकेत अहिरवार कलर फोटोकॉपी के माध्यम से अपने घर मे तैयार करता है और उसे मार्केट में चलाने के लिए देता है।
दीपक के द्वारा दिये गए सूचना के आधार पर आरोपी अंकेत अहिरवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 रुपये,500 रुपये के करीबन 250 नग नकली नोट जब्त किए,इसके अतिरिक्त इन नोटों को तैयार करने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण कलर फोटोकॉपी मशीन, नोटो को बनाने में उपयोग में लायी जाने वाले विभिन्न रंगों की स्याही, कागज,कटर मशीन आदि वस्तुओं की भी जब्ती की है।
आरोपी अंकेत के द्वारा कलर फोटोकॉपी मशीन के माध्यम से नोटो के कलर फोटोकॉपी कर नकली नोट तैयार किया जाता रहा है,
आरोपी अंकेत ने पूछताछ में यह बताया है कि चूंकि 50 रुपये के नोट के लेनदेन के दौरान लोगों के द्वारा नकली होने के संबंध में ज्यादा सतर्कता नही रखी जाती है, इसलिए ही उसके द्वारा अधिकतर 50 रुपये के ही नकली नोट तैयार किये जाते रहे है।पुलिस उक्त दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर पी आर प्राप्त कर और पूछताछ कर अन्य संलिप्त लोगों एवं अपराध के अन्य कड़ियों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करेगी