jabalpur

तहसील कार्यालय के लिये भवन अधिग्रहण आदेश जारी

शहरी क्षेत्र के पांच में से तीन तहसील कार्यालय को मिली हरी झण्डी
जबलपुर प्रतिनिधि। शहरी क्षेत्र नए साल के पहले दिन से तीन तहसील काम शुरू करेंगी। नई तहसीलों में अधारताल, रांझी और गोरखपुर का कार्यालय कलेक्ट्रेट से शिफ्ट किया जा रहा है। नए कार्यालय के लिए फिलहाल किराए वाले भवनों का अधिग्रहण किया जाएगा। जिसके अधिग्रहण आदेश जारी हो चुके हैं। अगले दो दिन में तीनों तहसीलों का साजो-सामान भी नए कार्यालयों में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि कलेक्ट्रेट के वकीलों ने तहसील कार्यालय दूसरी जगह करने का विरोध जताया है। शनिवार की शाम वकीलों का दल कलेक्टर छवि भारद्वाज से मिला और उन्हें विखंडन रोकने की मांग पेश की। चूंकि मामला शासन स्तर का है, इसलिए कलेक्टर ने शासन तक बात पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
वकील कर रहे विरोध
शनिवार की शाम को कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि तहसील कार्यालय कलेक्ट्रेट से बाहर किए जाने पर लोगों को असुविधा का सामना करना होगा। क्योंकि अभी तक अधिकारी व पूरा स्टाफ कलेक्ट्रेट की निगरानी में काम करता आया है। लोगों के राजस्व व अन्य कार्य आसानी से एक जगह पर हो जाते थे। इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आरके सिंह सैनी, भागीरथ चौधरी, रंजीत सिंह, ब्रजेश सिंह, दिनेश वर्मा, महेन्द्र चौधरी सहित अन्य वकील मौजूद थे।

Leave a Reply

Back to top button