jabalpur

2 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट कार्यालय में शुरू

जबलपुर.विधानसभा चुनाव की अधिसूचना के जारी हो हो चुकी है . 2 नवम्बर से अभ्यर्थियों से नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा. अभ्यर्थियों से नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए कलेक्टोरेट में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक रिटर्निंग अधिकारी एवं दो सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं. नामांकन प्रात: 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे.

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम-निर्देशन पत्र चार नवंबर रविवार के और सात नवंबर के दीपावली के सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर 9 नवम्बर तक प्राप्त किए जायेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 12 नवम्बर को होगी. नामांकन पत्र 14 नवम्बर तक वापस लिए जा सकेंगे. मतदान की तिथि 28 नवम्बर होगी तथा मतों की गणना 11 दिसंबर को की जायेगी.

जिले की पाटन विधानसभा क्षेत्र का रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम पाटन अनुराग तिवारी को बनाया गया है. श्री तिवारी कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 19 में इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों से नाम-निर्देशन पत्र स्वीकार करेंगे. विधानसभा क्षेत्र बरगी के रिटर्निंग अधिकारी अपर कलेक्टर रोहित सिंह होंगे . श्री सिंह कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-तीन में अभ्यर्थियों से नामांकन पत्र प्राप्त करेंगे. इसी तरह विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व का रिटर्निंग अधिकारी संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुनीता खण्डायत को, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर का रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम कोतवाली मुनीष सिकरवार को, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केंट का रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम रांझी जे.पी. यादव को, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम का रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम गोरखपुर सुश्री मनीषा बास्कले को, विधानसभा क्षेत्र पनागर का रिटर्निंग अधिकारी अपर कलेक्टर व्ही.पी. द्विवेदी को तथा विधानसभा क्षेत्र सिहोरा का रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम सिहोरा आशीष पाण्डे को बनाया गया है.

विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व के उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 20, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर से चुनाव लडऩे के इच्छुक उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 37, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केंट से चुनाव लडऩे के इच्छुक उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-22, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम के उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-17, विधानसभा क्षेत्र पनागर के उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-12 तथा विधानसभा क्षेत्र सिहोरा से चुनाव लडऩे के इच्छुक उम्मीदवार कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-34 में नाम-निर्देशन पत्र रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष दाखिल कर सकेंगे.

Leave a Reply

Back to top button