jabalpur accident: बरेला रोड हादसे में एक और महिला की मौत, मृतकों की संख्या 5 हुई—मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
जबलपुर। बरेला रोड पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल एक और महिला ने सोमवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। नौ अन्य घायलों का नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना स्थल पर ही लच्छओ बाई और चेनवती बाई की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल गोमती बाई (40), कृष्णा बाई (41) और वर्षा बाई (39) ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान प्राण त्याग दिए। पोस्टमार्टम के बाद सभी शव मंडला जिले से आए परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हादसे से आक्रोशित मृतकों के स्वजन और साथी श्रमिकों ने बरेला रोड पर घटनास्थल के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शव रखकर किया चक्काजाम
गांव लौटते समय परिजनों ने शवों को दुर्घटना स्थल पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे जबलपुर–बरेला मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को 25–25 लाख रुपये मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कार मालिक हिरासत में, चालक फरार
उधर पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार की पहचान कर ली है। वाहन स्वामी दीपक सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। उसने बताया कि हादसे के समय कार मझौली निवासी लखन सोनी चला रहा था, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर लोग पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस त्रासदी ने मजदूर परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है, वहीं क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए











