भोपाल। भोपालइंदौर सहित प्रदेशभर में 9 जून से माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 12वीं बोर्ड परीक्षा के बचे हुए प्रश्न पत्रों की परीक्षाएं होना हैं।
ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इंदौर शहर में कंटेनमेंट क्षेत्र में कोई भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। कंटेनमेंट क्षेत्र में बने आठ परीक्षा केंद्रों को बदलकर उनके स्थान पर निजी स्कूल व कॉलेजों में नए परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कंटेनमेंट क्षेत्र में रहने वाले बच्चों को चिन्हित किया जा रहा है। कंटेनमेंट क्षेत्र में रहने वाले छात्रों के आने-जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बस या अन्य वाहन का इंतजाम किया जाएगा। इसके अलावा कंटेनमेंट क्षेत्र के छात्रों को परीक्षा केंद्र में एक अलग कक्ष में बैठाया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात होंगे स्वास्थ्यकर्मी
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के तहत परीक्षार्थियों को मास्क पहनकर आना होगा। परीक्षा केंद्र पर साबुन, पानी व सैनिटाइजर का इंतजाम किया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात होंगे।
