Site icon Yashbharat.com

108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, टेक्नीशियन ने कराया महिला का प्रसव

images 83

भोपाल। तेज रफ्तार दौड़ रही 108 एंबुलेंस में मंगलवार को किलकारी की गूंज सुनाई दी। सूखी सेवनियां की रहने वाली बाना बाई ने बच्ची को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। उन्हें इलाज के लिए डीआईजी बंगला स्थित जवाहरलाल नेहरू गैस राहत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महिला के पति किशन कुमार ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने शाम 5ः34 बजे 108 एंबुलेंस को फोन किया था। छह मिनट में 5ः40 बजे एंबुलेंस पहुंच गई थी। घर तक एंबुलेंस पहुंचने में दिक्कत थी, इसलिए महिला को कुछ दूर तक पैदल लाकर एंबुलेंस में बैठाया गया। महिला को उसके घर से जवाहर लाल नेहरू अस्पताल लाया जा रहा था। एंबुलेंस करीब दो किमी चलकर चोपड़ा कला गांव के पास पहुंची थी कि महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। इमरजेंसी मैनेजमेंट टेक्नीशियन (ईएमटी) धर्मेंद्र धाकड़ ने ड्राइवर पुखराज सिंह को एंबलुेंस रोकने के लिए कहा। इसके बाद वहीं पर प्रसव कराया फिर जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती करा दिया।

अस्पताल में आया ने लिए 350 रुपए

प्रसूता के पति किशन ने बताया कि एंबुलेंस में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर एक महिला कर्मचारी ने उनसे 350 रुपए मांगे। किशन ने पूछा किस बात के पैसे लगते हैं तो महिला ने कहा सभी से लिए जाते हैं।

Exit mobile version