कटनी में अजगर मिलने से बड़वारा थाना क्षेत्र के खरहटा गांव में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। एक ग्रामीण के घर की किचन में करीब 10 फीट लंबा अजगर घुस आया। अजगर को देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और घर से बाहर निकलकर शोर मचाने लगे। सूचना मिलने पर पहुंचे सर्प मित्र ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।।
किचन के दरवाजे के पास बैठा था अजगर
खरहटा निवासी राजाराम साहू के परिवार के सदस्य सुबह किचन में काम करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर दरवाजे के पास बैठे विशाल अजगर पर पड़ी। अचानक इतने बड़े सांप को सामने देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत घर से बाहर निकल आए।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिवार ने स्थानीय सर्प मित्र खेमचंद यादव को घटना की सूचना दी।
सीमित जगह में सावधानी से किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और किचन में सीमित जगह होने के कारण बेहद सावधानी से अजगर को पकड़ने का रेस्क्यू शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान अजगर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया। घर में अजगर मिलने की घटना के बाद ग्रामीणों में भी काफी देर तक चर्चा बनी रही।कटनी में घर की किचन में घुसा 10 फीट लंबा अजगर, सहमे परिजन, एक घंटे चला रेस्क्यू



















