जलकर वसूली की धीमी प्रगति पर निगमायुक्त का सख्त रुख, शेष बचे उपभोक्ताओं को योजना से लाभान्वित करने दिए निर्देश,अधिकारी फील्ड में उतरकर उपभोक्ताओं को करें प्रेरित,बकाया भुगतान नहीं करने पर नल कनेक्शन होंगे विच्छेदि
कटनी। कटनी। जलकर राहत योजना के क्रियान्वयन एवं बकाया वसूली की मंगलवार देर शाम आयोजित समीक्षा बैठक में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने गहन नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना की अंतिम अवधि में किसी भी पात्र बकायेदार को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। निगमायुक्त ने शेष तीन दिनों में मिशन मोड पर सघन अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पात्र जलकर उपभोक्ताओं से संपर्क करने, उन्हें 50 प्रतिशत राहत योजना का लाभ दिलाने तथा निगम राजस्व की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सहित राजस्व विभाग एवं जलकर विभाग के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
बकाया जलकर से मुक्त होने का सुनहरा अवसर
निगमायुक्त ने बताया कि जलकर राहत योजना नागरिकों के लिए वर्षों से बकाया जलकर में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान कर आसानी से हिसाब चुकता करने का एक सुनहरा अवसर है, जिसकी अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित है। इसके पश्चात छूट का लाभ मिलना समाप्त हो जाएगा तथा बकायेदार उपभोक्ताओं को संपूर्ण बकाया राशि अधिभार सहित जमा करनी होगी। निगमायुक्त ने वसूली दल को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र उपभोक्ता योजना के लाभ से वंचित न रहने पाए, इस हेतु तीन दिवसों की दैनिक कार्ययोजना के साथ फील्ड में उतरकर आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए।
बड़े बकायेदारों से करें सीधा संवाद
निगमायुक्त ने राजस्व अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी एवं जल प्रदाय के सहायक यंत्री को निर्देशित किया कि वसूली दल केवल नोटिस तक सीमित न रहें, बल्कि बड़े बकायेदारों से अधिकारी टीम के साथ स्वयं संपर्क कर उन्हें योजना के लाभ और समय-सीमा की जानकारी देकर भुगतान के लिए प्रेरित कर राजस्व वसूली में प्रगति लाने की कार्यवाही सुनिश्चित करे। इस दौरान निगमायुक्त ने निगम के अधिकारी कर्मचारियों के भवनों में स्थापित नल कनेक्शन की बकाया राशि का नियमानुसार समायोजन उनके वेतन से करने के निर्देश दिए।
भुगतान नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान बार-बार सूचना देने के बावजूद योजना के तहत मिलने वाली छूट का लाभ लेकर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नल कनेक्शन विच्छेदित की कार्यवाही में गति लाने के साथ ही अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
रोजाना प्रस्तुत करें प्रगति रिपोर्ट
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने बैठक के अंत में नागरिकों की सुविधा हेतु लागू योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन की कार्यवाही की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश गठित दल के अधिकारी एवं कर्मचारियों को दिए।


















