धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, अनदेखी तस्वीरें शेयर कर लिखा- ‘आप सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरा पूरा अस्तित्व थे’

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, अनदेखी तस्वीरें शेयर कर लिखा- 'आप सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरा पूरा अस्तित्व थे'

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, अनदेखी तस्वीरें शेयर कर लिखा- ‘आप सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरा पूरा अस्तित्व थे’

  • दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए पूरा हुआ एक साल, 24 नवंबर 2025 को हुआ था निधन
  • हेमा मालिनी ने भगवद्गीता का जिक्र कर बयां किया अपना दर्द, फैंस के प्यार और समर्थन के लिए जताया आभार

मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए आज एक साल पूरा हो गया है, लेकिन उनकी यादें आज भी परिवार और करोड़ों चाहने वालों के दिलों में ताजा हैं। मंगलवार को धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि के मौके पर उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है। इसके साथ ही उन्होंने धर्मेंद्र संग बिताए खूबसूरत पलों की कुछ अनदेखी तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिनमें दोनों के बीच का गहरा प्यार और अपनापन साफ झलक रहा है।

तलाक के 2 साल बाद पूर्व पति भरत तख्तानी संग पोज देती दिखीं ईशा देओल, साथ खड़ीं हेमा मालिनी के हावभाव ने खींचा सबका ध्यान

‘वह मेरे दोस्त, दार्शनिक, मार्गदर्शक और मेरी ताकत थे’

हेमा मालिनी ने अपने जीवनसाथी को याद करते हुए लिखा कि उनके जाने के बाद जिंदगी बेहद खाली हो गई है और इस अपूरणीय क्षति से उबर पाना आसान नहीं है। उन्होंने लिखा, “मैं एक ऐसे व्यक्ति को खोने के अपार और अपूरणीय दुख से गुजर रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति नहीं थे। वह मेरे सब कुछ थे। मेरे दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक, मेरी ताकत और संक्षेप में कहूं तो मेरा पूरा अस्तित्व थे।” हेमा ने धर्मेंद्र की सादगी को याद करते हुए कहा कि अपार सफलता हासिल करने के बावजूद वह हमेशा विनम्र और अपनी जड़ों से जुड़े रहे। हर किसी के प्रति उनका स्नेह उनकी सबसे खास पहचान थी।

इसे भी पढ़ें-  PM मोदी की अपील का बड़ा असर: 40% घटा भारत का गोल्ड इम्पोर्ट, ₹65 लाख प्रति किलो सस्ता हुआ सोना; शादी के सीजन में आम लोगों और ज्वैलर्स को बड़ी राहत

भगवद्गीता का जिक्र कर बयां की दिल की बात

अपने संदेश में हेमा मालिनी ने श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। वह इस आध्यात्मिक सत्य को भली-भांति समझती हैं, लेकिन चूंकि वह अभी इसी जीवन में हैं, इसलिए धर्मेंद्र की प्यार भरी मौजूदगी को याद किए बिना नहीं रह सकतीं। उनके इस संदेश पर प्रशंसक भी भावुक होकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

फैंस का जताया आभार, 2025 में हुआ था निधन

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करने और उनके लिए संवेदना भरे संदेश भेजने वाले लाखों प्रशंसकों का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि फैंस के इन संदेशों ने इस कठिन समय में उन्हें बड़ा भावनात्मक संबल दिया है। गौरतलब है कि धर्मेंद्र और हेमा मालिनी साल 1980 में विवाह बंधन में बंधे थे और उनकी दो बेटियां ईशा व अहाना देओल हैं। 89 वर्ष की आयु में 24 नवंबर 2025 को मुंबई स्थित उनके आवास पर उम्र संबंधी बीमारियों के चलते धर्मेंद्र का निधन हो गया था।