Site icon Yashbharat.com

हादसा : इकलौता बेटा खून से लथपथ पड़ा था, पिता लगाता रहा मदद की गुहार

Accident in satna 1

भोपाल। होशंगाबाद रोड के समरधा मोड़ के पास सोमवार दोपहर डेढ़ बजे एक सड़क हादसे में पिता के सामने उसके इकलौते बेटे की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार पिता और बेटे को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय टक्कर मारी और उसका पिछला हस्सा बाइक पर पीछे बैठे बेटे से टकरा गया था।

मिसरोद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मिसरोद टीआई संजीव चौकसे के मुताबिक 19 वर्षीय रोहित जादौन सतलापुर मंडीदीप का रहने वाला था। वह बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। सोमवार को वह पिता सनत जादौन के साथ बाइक से किसी काम को लेकर भोपाल आया था। दोपहर डेढ़ बजे वे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे दोनों समरधा मोड़ पर पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक ओवरटेक करते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठे रोहित से ट्रक का पिछला हिस्सा टकरा गया। हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

खून में लथपथ बेटे को देखकर मदद के लिए चिल्लाए

हादसे के बाद पिता ने इकलौते बेटे को सड़क पर खून से लथपथ देख तो वह सुध-बुध खो बैठे। उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाकर सड़क पर चल रहे वाहनों को मदद के लिए रोका। इसके बाद उनके बेटे को मिसरोद थाने के सामने निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

और बिगड़ी पिता की हालत

निजी अस्पताल में बेटे का मृत घोषित करते ही पिता की हालत बिगड़ गई। वे जमीन पर गिरकर बेसुध हो गए थे। परिजनों ने उन्हें डॉक्टर को दिखाया तब उनकी हालत सुधरी। अपने सामने बेटे की मौत का मंजर देख चुके पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

Exit mobile version