हबीबगंज से रीवा और बिलासपुर के लिए चलेगी श्रमिक स्पेशल ट्रेन, पहुंचे यात्री
भोपाल।Lockdown in Bhopal : भोपाल समेत आसपास के जिलों से मजदूर व छात्रों को लेकर शुक्रवार रात 8:00 बजे एक स्पेशल ट्रेन हबीबगंज रेलवे स्टेशन से रीवा के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में करीब 1400 मजदूर व छात्र रीवा जाएंगे। यह पहली लोकल श्रमिक स्पेशल ट्रेन है, जो हबीबगंज से रीवा के लिए चलेगी। इसके पहले जितनी भी स्पेशल ट्रेन आई है वे दूसरे प्रदेशों से होकर भोपाल व अन्य जिलों में पहुंची है।
रेलवे ने राज्य शासन की मांग पर यह लोकल श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। भोपाल समेत आसपास के जिलों में रीवा के अधिक मजदूरों को देखते हुए यह ट्रेन चलाई जा रही है। इस ट्रेन में रवाना होने वाले मजदूर हबीबगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं। लगभग 80 फ़ीसदी श्रमिकों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। यह ट्रेन शनिवार को रीवा से हबीबगंज के लिए वापस आएगी।
मध्य प्रदेश से मजदूरों को लेकर दूसरी ट्रेन बिलासपुर जाएगी। राज्य सरकार की मांग पर रेलवे ये ट्रेन चलाएगा। रेलवे द्वारा इन स्पेशल ट्रेनों को यहां रखे रिजर्व रैक से चलाया जाएगा। वापसी में भी ये ट्रेनें श्रमिकों को लेकर यहां आएंगी।
ट्रेन से जाने वालों का पंजीयन हो चुका है। अतिरिक्त कोई सीट नही है । बिना पंजीयन और लिस्ट में नाम नहीं होने पर ट्रेन से नहीं जाया जा सकेगा। ट्रेन के लिए निर्धारित समय से काफी पहले ही यात्री स्टेशन पहुंच गए थे.
17 मई को रीवा के लिए एक और ट्रेन रवाना की जाएगी।
ट्रेन नंबर 02159 हबीबगंज-रीवा स्पेशल का संचालन 15 मई शुक्रवार को रात 8 बजे हबीबगंज से होगा। रास्ते में बीना, कटनी होती हुई अगले दिन शनिवार को सुबह 5 बजे रीवा पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 02160 रीवा-हबीबगंज स्पेशल का संचालन 16 मई शनिवार को सुबह 7 बजे रीवा से हबीबगंज के लिए किया जाएगा। यह कटनी, बीना होती हुई हबीबगंज स्टेशन पहुंचेगी।
हबीबगंज-बिलासपुर स्पेशल को 16 मई शनिवार को रात 10 बजे हबीबगंज से बिलासपुर के लिए चलाया जाएगा। यह ट्रेन जुझारपुर, नागपुर होते हुए रविवार सुबह 9 . 45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। भोपाल स्टेशन पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए यात्रियों को बैठाया गया।
इसी तरह ट्रेन नंबर 0261 बिलासपुर-हबीबगंज स्पेशल रविवार को दोपहर में 12.00 बजे बिलासपुर से हबीबगंज के लिए होगा। यह नागपुर, जुझारपुर होती हुई रात 11.45 बजे हबीबगंज पहुंचेगी।

