jabalpur

समदडिय़ा मॉल के तीन मंजिलों को कब्जे में लिया

जबलपुर विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्यवाही
जबलपुर। शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर विकास प्राधिकरण ने समदडिय़ा मॉल(अब संस्कार मॉल) की ऊपर की तीनों मंजिलों को अपने कब्जे में ले लिया है। जेडीए के अधिकारी आज पूर्वान्ह 11 बजे के बाद पूरी तैयारी के साथ मॉल पहुंचे और एक-एक कर कार्रवाई शुरू की। मॉल की ऊपर की तीनों मंजिलोंं पर स्थित मल्टीप्लेक्स, होटल आदि सील कर दिए गए। मौके पर आम सूचना भी चस्पा कर दी गईं। मल्टीप्लेक्स के प्रवेश द्वार पर चस्पा आम सूचना में जेडीए के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी की ओर से लिखा गया है कि सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका क्रमांक 9377/17 में पारित आदेश दिनांक 01 अक्टूबर 18 से संस्कार माल के पांचवें, छटवें एवं सातवें तलों को प्राधिकरण की सम्पत्ति माना गया है अत:इस पर संचालित समस्त व्यवसायिक गतिविधियां तत्काल प्रभाव से आज दिनांक 27 अक्टूबर से बंद की जाती है ।
यह है मामला
समदडिय़ा मॉल की जमीन आवंटन के खिलाफ याचिका दायर की गई थी। इसमें कहा गया कि 20 जनवरी 2016 को जेडीए के तत्कालीन सीईओ अवध श्रोत्रिय ने मॉल के खिलाफ एक शिकायत को जांच के बाद सही पाया। अपनी इस जांच रिपोर्ट में उन्होंने मॉल को दी गई लीज निरस्त करने की अनुशंसा कर दी। इसके महज दो दिन के बाद ही श्रोत्रिय का तबादला कर दिया गया। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि मॉल की तीन मंजिलें पूरी तरह अवैध हैं। श्रोत्रिय ने लीज आवंटन निरस्त करने का अनुमोदन किया था। वहीं बिल्डर्स की ओर से भी याचिका दायर कर लीज आवंटन निरस्त करने की अनुशंसा को चुनौती दी गई। कहा गया कि बिल्डर्स ने सभी नियमों का पालन किया। सभी कानूनी अनुमतियां प्राप्त करने के बाद ही निर्माण किया गया।

Leave a Reply

Back to top button