सफर के दौरान व्यापारियों की तलाशीः 16 लाख बरामद

कटनी। विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की सख्ती का असर ट्रेनों में भी देखने को मिलने लगा है। आयोग के दिशा निर्देशोंं के तहत जीआरपी व आरपीएफ ट्रेनों में भी जांच कर रही है। जिसमें उन्हे भी काफी नगदी के साथ सफर कर रहे व्यापारियों के पास से रकम बरामद करने में सफलता मिल रही है। बहरहाल जीआरपी कटनी ने चित्रकूट एक्सप्रेस की एसी बोगी में सफर कर रहे कानपुर एक कपड़ा व्यापारी के पास से सवा तीन लाख के लगभग जबकि जीआरपी सतना ने दिल्ली के एक कास्मेटिक आइटम व्यापारी के पास से लगभग साढ़े तेरह लाख रूपए बरामद किए हैं।

रेल पुलिस अधीक्षक विनीत जैन के दिशा निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जीआरपी कटनी प्रभारी डी.पी.चढ़ार व सतना जीआरपी प्रभारी संतोष तिवारी व उनके मातहत स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। कार्रवाई के संबंध में रेलसूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जबलपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस की एसी-2 बोगी में कानपुर का कपड़ा व्यापारी सौरभ मखीजा के बैग की तलाशी लेने पर उसके पास 3 लाख 21 हजार 500 रूपए नगद मिले। जिसे जीआरपी की टीम ने जप्त कर लिया।
इसी प्रकार दिल्ली के आनंद बिहार स्टेशन से रीवा के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12427 के सतना स्टेशन आने पर जब यात्रियों के सामान की जांच की जा रही थी। उस दौरान दिल्ली के कास्मेटिक आइटम कारोबारी विपिन ढींगरा के बैग से 13 लाख 44 हजार रूपए बरामद किए गए। व्यापारियों के पास से अलग-अलग बरामद हुई इस रकम की जानकारी जीआरपी के द्धारा आयकर विभाग को भी दी गई है। दोनों व्यापारियों के पास से जप्त रकम के संबंध में दस्तावेज मंगाए गए हैं यदि वो दस्तावेज प्रस्तुत कर देते हैं तो रकम वापस कर दी जाएगी नहीं तो उसे जप्त कर लिया जाएगा।

Exit mobile version