Site icon Yashbharat.com

शिवराज के मप्र की सड़कों वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार

shivraj singh chouhan road 25 10 2017

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को अमेरिका में भाषण के दौरान मप्र की सड़कों को अमेरिकी सड़कों से बेहतर बताया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि ‘सीएम शिवराज झूठ बोल रहे हैं।’ उन्होंने शिवराज सिंह के क्षेत्र बुधनी की सड़क का वीडियो डालकर यह लिखा है।

उन्होंने यह भी लिखा है कि मप्र सरकार सड़क पर उतरेगी तभी तो जान पाएगी कि मप्र की सड़कें बेहतर हैं या वॉशिंगटन की। अरुण यादव ने भावांतर योजना पर भी निशाना साधा है और लिखा है कि ‘अमेरिका यात्रा हो गई हो तो इधर ध्यान दीजिए, अन्नदाता त्रस्त है।’

मप्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा है कि ‘शिवराज सिंह ने दो दिन में दो झूठ बोले हैं। पहला पहला मध्यप्रदेश में 50 हजार रुपए तक किसानों को होगा नगद भुगतान होगा। दूसरा – मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी हैं।’

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका में निवेशकों से बातचीत के दौरान कहा कि मप्र की सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं। जब मैंने वाशिंगटन एयरपोर्ट से बाहर निकलकर सड़क पर सफर किया तो मुझे लगा कि इससे अच्छी सड़कें मध्यप्रदेश की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र ने पिछले कुछ सालों में करीब 1 लाख 75 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई हैं। सभी गांव और शहर पक्की सड़कों से जोड़ दिए गए हैं। शिवराज निवेशकों को मप्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दे रहे थे।

Exit mobile version