Site icon Yashbharat.com

शहपुरा में होलिका दहन के दौरान हंगामा, देर रात ग्रामीणों ने थाने के सामने ही दिया धरना

images 27

जबलपुर सृजन शुक्ला।  शहपुरा भिटोनी थाने के अंतर्गत होलिका दहन के दौरान उस समय विवाद की स्थिति पैदा हो गई जब एक महिला पुलिस अधिकारी द्वारा एक युवक के साथ हाथापाई की जानकारी गांव में फैली। होलिका दहन के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई आरती मंडलोई पर युवक के साथ हाथापाई का आरोप लगा है।

होलिका दहन के दौरान शुरू हुआ यह विवाद देर रात तक चलता रहा

हालात यह बन बैठे कि ग्रामीणों ने थाने के सामने ही धरना शुरू कर दिया और महिला ऐसआई को निलंबित किए जाने की मांग पर अड़ गए। जैसे ही इस प्रदर्शन की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को लगी आनन-फानन में एडिशनल एसपी देहात शिवेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से विवाद को हल करने के लिए चर्चा की, लेकिन महिला ऐसआई द्वारा युवक के साथ बिना वजह हाथापाई किए जाने के चलते आक्रोशित लोग एसआई को निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों ने एडिशनल एसपी से महिला एसआई द्वारा पूर्व में भी गांव के अन्य लोगों से अभद्रता भरा व्यवहार की शिकायत की, ऐसे में बिगड़ते हालातों को देखते हुए खुद एडिशनल एसपी ने गांव के सभी लोगों से हाथ जोड़कर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी।

एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि यदि उनके पुलिस अधिकारी की वजह से किसी के साथ गलत व्यवहार हुआ है तो वह खुद उसकी माफी मांगते हैं ताकि सभी लोग भाई चारे के साथ कोरोना काल को देखते हुए होली का पर्व शांति से मनाएं।

लगभग 4 घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद बमुश्किल ग्रामीण शांत हुए, तब कहीं जाकर मामला रफा-दफा हो सका। वहीं सूत्रों की माने तो महिला एसआई के इस कृत्य पर पुलिस के आला अधिकारियों ने विभागीय जांच कराने का फैसला लिया है।

Exit mobile version