भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्राथमिकता वाली लाड़ली लक्ष्मी योजना के पंजीयन में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जिम्मेदार कर्मचारियों ने दो बालिकाओं को एक ही पंजीयन नंबर दे दिया। प्रदेश के 18 जिलों में ऐसे 78 प्रकरण सामने आए हैं। इनमें अब एक बालिका का प्रमाण पत्र निरस्त कर दोबारा जारी करने की तैयारी चल रही है। योजना का लाभ प्रदेश की 28 लाख बालिकाओं को मिल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक लाड़ली लक्ष्मी योजना की वेबसाइट पर पंजीयन की जांच में ये गड़बड़ी पकड़ में आई है। पंजीयनकर्ताओं ने एक ही नंबर पर दो बालिकाओं का पंजीयन कर दिया। ऐसे में दोनों में से किसी एक बालिका को योजना का लाभ नहीं मिल सकता है।
मामला सामने आने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त डॉ. अशोक भार्गव ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को सभी मामलों में तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मैदानी अधिकारियों से कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर ऐसे प्रमाण पत्रों का परीक्षण करा लें। इसमें यह भी तय कर लें कि किस बालिका का प्रमाण पत्र निरस्त करना है और किसका यथावत रखना है। जिस बालिका का प्रमाण पत्र निरस्त किया जाएगा, उसे तत्काल नया प्रमाण पत्र भी देना होगा।
इन जिलों में मिली गड़बड़ी
हरदा, रीवा, धार, राजगढ़, उज्जैन, बैतूल, मंदसौर, इंदौर, विदिशा, बालाघाट, सतना, सागर, सीधी, खंडवा, छिंदवाड़ा, आगर, दमोह और बड़वानी।

