Site icon Yashbharat.com

रीठी के मुड़िया महल में देवी बनकर बैठी बालिका

katni 1

कटनी। जिले की रीठी तहसील के ग्राम पंचायत मगरधा में मुड़िया महल के नाम से प्रसिद्ध एक खंडहरनुमा भवन में एक बालिका देवी बनकर बैठ गई है तथा लोगों को उनके भविष्य में होने वाली गतिविधियों सहित यहां अब तक गड़ाधन खोदने व नरबलि देने वालों के संबंध में जानकारी देने की बात कर रही है।

बालिका का देवी स्वरूप देखकर यहां भारी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई है और पूजा पाठ के साथ ही लोग अपने संबंध में बालिका से जानकारी लेने काफी उत्सुक दिख रहे हैं। बताया जाता है कि यह वही बालिका है जो इसके पूर्व पड़ोसी जिला सतना की मैहर तहसील के ग्राम गड़ोत से लगे जंगलों में ऐसे ही देवी बनकर बैठी थी तथा वहां भी इस बालिका की काफी पूजा अर्चना करते हुए श्रृद्धालुओं ने चढ़ावा चढ़ाया था। सूत्रों की माने तो यह बालिका कल मंगलवार की शाम अपने माता-पिता के साथ ग्राम पंचायत मगरधा में मुड़िया महल पहुंची और वहां आसन लगाकर बैठ गई।

आज सुबह जैसे ही इस बात की जानकारी मगरधा सहित आसपास के ग्रामीणों को लगी। वैसे ही वहां भीड़ लग गई तथा बालिका की पूजा अर्चना के साथ चढ़ावा चढ़ाना शुरू हो गया। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मुड़िया महल में खुदाई के दौरान नरकंकाल भी बरामद हो चुका है तथा यह महल गड़ाधन खोदने वालों के निशाने पर भी रहता है। ऊधर इस बात की जानकारी लगने के बाद प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मामले की हकीकत जानने का प्रयास कर रहे थे और ग्रामीणों को अंध विश्वास में न पड़ने की समझाईश दे रहे थे।

वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है-डीएसपी
वहीं इस पूरे मामले को लेकर रीठी थाने के पर्यवेक्षण अधिकारी व उपपुलिस अधीक्षक(मुख्यालय) मनोज वर्मा का कहना है कि जानकारी लगने ही रीठी थाना प्रभारी विजय अंभोरे को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। मामले की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version