मुंबई। मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले में अपने माता-पिता को खो चुका इजराइली बच्चा मोशे होलत्जबर्ग 9 साल बाद पहली बार मंगलवार को भारत पहुंचा। मोशे अपने दादा के साथ भारत आया है और इस यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित है। एयरपोर्ट पर पहुंचे मोशे के चेहरे पर भारत आने की खुशी साफ नजर आ रही थी। उसके दादा ने बताया कि मोशे मुंबई में नरीमन हाउस व अन्य जगहों पर जाएगा। इसके अलावा मोशे इजराइली पीएम के साथ चबाड हाउस में 26/11 मेमोरियल का उद्घाटन करेगा।
मोशे के दादा दादा शिमॉन रोजनबर्ग ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बेहद खास दिन हैं, हम ऊपर वाले का शुक्रिया करते हैं कि मोशे भारत आ सका। मुंबई अब पहले से कहीं सुरक्षित है।
बता दें कि नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले में नरीमन हाउस की घेराबंदी के दौरान रब्बी गैवरीअल होलत्जबर्ग और रीवीका की मौत हो गई थी। उस वक्त मोशे सिर्फ दो साल का था। यहूदी दंपती दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित नरीमन हाउस में एक सांस्कृतिक केंद्र चलाता था। हमले में माता-पिता को खोने के बाद मोशे इजराइल चला गया था और तब से अपने दादा के साथ रह रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जुलाई में अपनी इजरायल की यात्रा के दौरान मोशे और उसके दादा-दादी से मुलाकात की थी और कहा था कि वह कभी भी भारत आ सकता है।

