Site icon Yashbharat.com

मोबाइल शो रूम में 5 लाख की चोरी

chori katni

कटनी। कोतवाली के बरगवां क्षेत्र स्थित एक मोबाइल शो रूम में देररात धावा बोलकर अज्ञात बदमाश नगदी व मोबाइल सहित लगभग पांच लाख रूपए का सामान लेकर चंपत हो गए। शो रूम में चोरी की जानकारी आज सुबह दुकान संचालक के दुकान खोलने पहुंचने पर लगी।

जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शैलेष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मौका मुआयना करने के बाद अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

इस संबंध में हासिल जानकारी के मुताबिक हाऊसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अनिल टहलरमानी का बरगवां क्षेत्र में आयुष प्लाजा नाम से मोबाइल शो रूम है। अनिल रोज की तरह कलरात ग्राहकी निपटाकर शो रूम में ताला लगाकर घर चले गए।

वहीं आज सुबह जब वो शो रूम खोलने पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। बताया जाता है कि देररात अज्ञात बदमाशों ने शो रूम में धावा बोला और सामने शटर के ताले तोड़कर अंदर से नगदी व लगभग 50 से 60 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गए। चोरी 5 लाख रूपए के आसपास बताई जाती है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने शो रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दी है। बताया जाता है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। पुलिस ने हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों की पतासाजी शुरू कर दी है।
देशी शराब दुकान तक गया खोजी कुत्ता
एक जानकारी में बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के साथ ही चोरी का सुराग लगाने खोजी कुत्ते को भी घटनास्थल पर बुलाया था। खोजी कुत्ता मोबाइल शो रूम से निकलकर समीप ही स्थित देशी शराब दुकान तक गया। जिसके कारण अब पुलिस देशी शराब दुकान में काम करने वालों से भी पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version