भोपाल। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को फिर 40 नए कोरोना मरीज मिले। इन्हें मिलाकर कुल संक्रमितों की संख्या 2662 हो गई है। बुरहानपुर में एक दिन में 17 संक्रमित मिले हैं। उज्जैन में और तीन मौतों को मिलाकर प्रदेश में अब तक कुल 128 मौतें हो चुकी हैं। सुखद यह है कि राज्य के सभी संक्रमित क्षेत्रों से स्वस्थ होकर मरीजों के घर लौटने का सिलसिला भी तेज हो गया है।
भोपाल में नौ दिन की बच्ची समेत 31 मरीज घर लौटे
भोपाल में शुक्रवार को आठ नए संक्रमित मिले वहीं, चिरायु अस्पताल में भर्ती 9 दिन की बच्ची सहित 31 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। राजधानी में पॉजिटिव मरीजों की संख्या में दो दिन से गिरावट आ रही है। आठ जो नए मरीज मिले हैं, उनमें जहांगीराबाद में रहने वाला नौ महीने का बच्चा भी शामिल है। इस तरह कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 523 हो गई है। वहीं अब तक स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके लोगों की संख्या 200 हो गई है। इस तरह कुल संक्रमितों में से 38 फीसदी लोग स्वस्थ हो गए हैं।
उज्जैन में संक्रमितों में से18 फीसदी की मौत
उज्जैन जिले में शुक्रवार को छह नए कोरोना पॉजिटिव मरीज आए। इन्हें मिलाकर जिले में संक्रमितों की संख्या 151 हो गई है। इनमें से चार मरीज अन्य जिलों में मिले थे। इसके अलावा संक्रमण के कारण तीन नई मौतें हुई हैं। मृतकों का आंकड़ा 27 पर पहुंच गया है। मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ने से सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा है। सांसद ने मांग की है कि केंद्र सरकार का एक दल यहां आकर स्थितियों का जायजा ले। जिले में 21 अप्रैल से लेकर 1 मई के बीच 120 नए मरीज मिले हैं। इसी अवधि में 18 प्रतिशत की मौत हो चुकी है। जिले का रिकवरी रेट भी बहुत कम है। 2.72 प्रतिशत मरीज (कुल चार) ही अब तक डिस्चार्ज हुए हैं।
बुरहानपुर में पूर्व पार्षद के स्वजन, पड़ोसी समेत 17 नए मरीज मिले
बुरहानपुर में शुक्रवार को आई रिपोर्ट में अब तक के सर्वाधिक 17 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। ये दाउदपुरा, मोमिनपुरा और आजादनगर निवासी हैं। नए मरीज दाउदपुरा के पॉजिटिव पूर्व पार्षद के स्वजन या उनके संपर्क में आए पड़ोसी व रिश्तेदार हैं। कुल मरीजों की संख्या 19 हो गई है, जबकि अप्रैल अंत तक जिला ग्रीन जोन में था। खरगोन रेड से ऑरेंज जोन में खरगोन में तालाब चौक और पत्थर दलाल निवासी दो व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। यहां अब तक 73 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से सात की मौत हो गई।
इधर, खरगोन जिले को ऑरेंज जोन की सूची में शामिल किया गया है। इसके पहले यह जिला रेड जोन में था। खंडवा में चार जमातियों पर केस खंडवा में शुक्रवार को एक और मरीज के सैंपल में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसकी चार दिन पहले मौत हो चुकी है। जिले में अब तक छह संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल मरीजों की संख्या 46 हो गई है।
दिल्ली के मरकज में शामिल होने की बात छुपाने के मामले में पुलिस ने चार जमातियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। रतलाम में अब तक 16 रतलाम में जिला प्रशासन को शुक्रवार को 32 रिपोर्टें मिलीं। इनमें से 30 निगेटिव और दो पॉजिटिव हैं। दानीपुरा निवासी एक अधेड़ व शिवनगर निवासी युवक संक्रमित मिले। जिले में अब कुल 16 मरीज हो गए हैं। इनमें से स्वस्थ हो चुके नौ मरीजों को बुधवार और दो को गुरुवार को छुट्टी दे दी गई। देवास में दो नए मरीज देवास के सुतार बाखल क्षेत्र में एक ही परिवार के दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले।
इस क्षेत्र में पहले भी दो लोग संक्रमित मिले थे। इन्हें मिलाकर जिले में मरीजों की संख्या 28 हो चुकी है। इनमें से सात की मौत हो चुकी है और आठ लोग ठीक होने पर घर जा जुके हैं।
मंदसौर रेड जोन में आया
मंदसौर में गुरुवार रात एक साथ 10 पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमित बढ़कर 29 हो गए हैं। जिला रेड जोन में चला गया है। मुरैना में जवान व दिल्ली से आया हलवाई पॉजिटिव मुरैना जिले में शुक्रवार को दो और कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले हैं। इनमें से जौरा का एक अर्धसैनिक बल का जवान है जो 26 अप्रैल को फरीदाबाद से अपने मामा के साथ मुरैना के बारा गांव आया था।
फरीदाबाद में उसके साथी के पॉजिटिव आने की सूचना मिलने के बाद 29 अप्रैल को उसने अस्पताल पहुंचकर सैंपलिंग कराई थी। दूसरा दिल्ली में बेटे के साथ हलवाई का काम करने वाला पोरसा का युवक है, जो ट्रक में बैठकर यहां आया और सीधे अस्पताल पहुंचकर सैंपलिंग कराई।

