jabalpur

मतगणना सुरक्षा इंतजामों को लेकर कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक

जबलपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने आठों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर मतगणना की व्यवस्थाओं तथा मतगणना के दिन मतगणना स्थल और इसके आसपास की सुरक्षा के इंतजामों पर चर्चा की । एमएलबी स्कूल में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित सिंह भी मौजूद थे । श्रीमती भारद्वाज ने इस मौके पर अधिकारियों को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डाकमत पत्रों से लेकर ईव्हीएम से मतों की गणना की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये । उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रवेश पत्र धारी व्यक्तियों तथा निर्वाचन आयोग द्वारा प्राधिकृत व्यक्तियों के अलावा किसी को भी मतगणना केन्द्र परिसर के भीतर न आने दिया जाये । पास धारी व्यक्तियों को भी कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही मतगणना केन्द्र के भीतर प्रवेश करने दिया जाये । कलेक्टर ने कहा कि मतगणना के दिन प्रवेश पत्र धारियों वो चाहे गणना कार्य के लिए नियुक्त शासकीय कर्मी हो अथवा उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त गणना एजेंट उन्हें उनके लिए निर्धारित प्रवेश द्वार से ही गणना स्थल पर प्रवेश करना होगा । कलेक्टर ने इस मौके पर बताया कि कोई भी व्यक्ति मतगणना केन्द्र के भीतर मोबाईल का उपयोग नहीं कर सकेगा । उन्होंने आयोग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त गणना एजेंटों को उनकी नियुक्ति वाले गणना टेबल के सामने लगी मेज पर ही बैठना होगा । अन्यत्र या दूसरे स्थानों पर घूमते पाये जाने पर उन्हें गणना स्थल से बाहर कर दिया जायेगा ।
श्रीमती भारद्वाज ने बताया कि आयोग के निर्देशों के मुताबिक केन्द्र या राज्य शासन के मंत्री, सांसद, विधायक एवं विधान परिषदों के सदस्य तथा सुरक्षा कव्हर प्राप्त कोई भी व्यक्ति उम्मीदवार का गणना एजेंट नहीं बन सकेगा । यदि ऐसा व्यक्ति खुद विधानसभा का चुनाव लड़ रहा हैं तो ऐसी स्थिति में उसे केवल अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के गणना कक्ष में बिना सिक्युरिटी कव्हर के प्रवेश की अनुमति होगी । उन्होंने गणना कर्मियों तथ उम्मीदवारों के गणना एजेंटों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के बारे में जरूरी निर्देश दिये ।
कलेक्टर ने इस अवसर पर सभी रिटर्निंग अधिकारियों को उनके विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के गणना एजेंट को तय समय-सीमा के भीतर मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए फोटोयुक्त पास जारी करने के निर्देश दिये हैं । उन्होंने मतगणना को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों का अक्षरशरू पालन करने की हिदायत भी रिटर्निंग अधिकारियों को दी ।
श्रीमती भारद्वाज ने बैठक में मतगणना के लिए नियुक्त गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों के प्रशिक्षण पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत बताई । इसके साथ ही उन्होंने उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त किये जा रहे गणना अभिकत्र्ताओं को भी मतगणना की प्रक्रिया और इस बारे में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये ।

Leave a Reply

Back to top button