भोपाल में भाजपा उम्मीदवार और महापौर के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल। भोपाल में मतदान के बाद डीआईजी बंगले के बाहर चक्काजाम करने वाले महापौर आलोक शर्मा और भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी फातिमा सिद्दीकी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। इसके अलावा कई भाजपा पार्षदों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था। मतदान के दौरान आरिफ नगर के एक बूथ पर हंगामा हुआ था। हंगामे के बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। विवाद के बीच भाजपा नेता पंकज चौकसे की भोपाल उत्तर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ अकील के समर्थकों ने पिटाई कर दी। वक्त रहते पुलिस आ गई और उसने पंकज चौकसे को वहां से हटा दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमाझटकी भी हुई।

विवाद के बाद महापौर आलोक शर्मा और भाजपा प्रत्याशी फातिमा सिद्दीकी समेत कई कार्यकर्ताओं ने डीआईजी बंगले के बाहर चक्काजाम कर दिया। इसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता सड़क के बीचों-बीच बैठे नजर आ रहे हैं और हंगामा कर रहे हैं।

Exit mobile version