भारत फिल्म को लेकर सलमान खान ने पीएम मोदी के लिए किया ऐसा ट्वीट, हो गया वायरल

बॉलीवुड डेस्क। सलमान खान (Salman Khan) ने हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के लिए ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया है बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भारत’ के प्रमोशन में बिजी हैं. ये फिल्म ईद के मौके पर यानी 5 जून को रिलीज होने वाली है. वहीं इसी बीच सलमान ने पीएम मोदी के लिए अपने बिजी शेड्यूल से वक्त निकाला है. उन्होंने ‘भारत’ को लेकर किए गए कई पोस्ट के बीच पीएम के लिए भी एक ट्वीट किया है. इस पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी को उनकी जीत के लिए बधाईयां दी हैं. सलमान खान का ये ट्वीट खूब वायरल हो रहा है. इस पोस्ट पर सलमान खान के फैंस भी पीएम मोदी को बधाईयां देते दिखाई दे रहे हैं.
सलमान खान ने लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी और पीएम मोदी को मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई गठित कैबिनेट को शुभकामनाएं दी हैं. सलमान खान ने ट्वीट कर कहा ‘आदरणीय प्रधानमंत्री, आपकी शानदार टीम को बधाई और भारत को मजबूत और समान बनाने के प्रयासों के लिए पूरे कैबिनेट को शुभकामनाएं.’
बता दें कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद और गोपनियता की शपथ ली. इस दौरान करीब 8 हजार लोग पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए. सुपरस्टार सलमान खान को भी शपथ ग्रहण का न्योता भेजा गया. हालांकि, वो फिल्म ‘भारत’ के प्रमोशन के चलते समारोह में शामिल नहीं हो सके. जिसके बाद सलमान ने पीएम मोदी और उनकी नई कैबिनेट को ट्विटर के जरिए शुभकामनाएं दीं.
बात करें वर्क फ्रंट की तो सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ ईद पर रिलीज हो रही है. इस फिल्म में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ लीड रोल में हैं. सलमान खान इस फिल्म में पांच अलग-अलग लुक्स में नजर आने वाले हैं. ये सलमान और कटरीना की साथ में छठी फिल्म है. दोनों की केमिस्ट्री पर्दे पर हिट है और अब दर्शकों को ‘भारत’ से काफी उम्मीदें हैं. सलमान खान के फैंस बेसब्री से फिल्म का इंतजार कर रहे हैं.








