सेवा कार्यों और भक्तिमय आयोजनों के साथ मनाया गया श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव,साई सप्ताह के समापन पर प्रभातफेरी, नारायण सेवा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

Picsart 26 11 25 17 26 39 822

सेवा कार्यों और भक्तिमय आयोजनों के साथ मनाया गया श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव,साई सप्ताह के समापन पर प्रभातफेरी, नारायण सेवा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोज

 

कटनी। सत्य, धर्म, शांति, प्रेम, अहिंसा और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देने वाले भगवान श्री सत्य साई बाबा का 101वां जन्मोत्सव 23 नवंबर को शहर में श्रद्धा, भक्ति और सेवाभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा दिनभर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में साई भक्तों ने सहभागिता कर बाबा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

जन्मोत्सव का शुभारंभ प्रातः 5:06 बजे जन्मदिवस गीत एवं आतिशबाजी के साथ साई जन्मोत्सव के रूप में हुआ। इसके बाद ओंकारम एवं सुप्रभातम का आयोजन किया गया। प्रातः 5:30 बजे नईबस्ती स्थित सिंधु भवन से विशाल नगर संकीर्तन एवं प्रभातफेरी निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सुबह 6 बजे वापस सिंधु भवन पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने तुलसीपत्र एवं गंगाजल से साई बाबा का जलाभिषेक किया।

सेवा गतिविधियों के क्रम में सुबह 10 बजे से वृहद नारायण सेवा के तहत पिछड़ी बस्तियों में जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। वहीं जिला चिकित्सालय में मरीजों के परिजनों के लिए संचालित नित्य नारायण सेवा भी प्रतिदिन की तरह सुबह 9:30 बजे संपन्न हुई। समीपस्थ ग्राम पटवारा समिति में दोपहर 1 बजे से भंडारे सहित विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें कटनी जिले के भक्तों ने सहभागिता की। न्यू कटनी (एनकेजे) समिति के सदस्यों ने मूकबधिर आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ विभिन्न आयोजन किए।

इसे भी पढ़ें-  आयुष्मान योजना को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए हर जिले में गठित हुई 'जिला क्रियान्वयन इकाई'; ई-केवाईसी और डिजिटल रिकॉर्ड से तुरंत होगी पात्रता की जांच, बार-बार दस्तावेज दिखाने का झंझट खत्म

जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम शाम 5:30 बजे नईबस्ती स्थित सिंधु भवन में प्रारंभ हुआ। इसमें वेदपाठ, साई भजन संध्या, साई बाबा की जीवनी एवं उनके संदेशों का वाचन किया गया। जन्मदिवस गीत के साथ केक काटकर खुशियां मनाई गईं। समिति द्वारा निःशुल्क संचालित बालविकास कक्षाओं के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

उल्लेखनीय है कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 17 नवंबर से सात दिवसीय साई सप्ताह मनाया जा रहा था। इसके अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 5:15 बजे प्रभातफेरी और शाम 6 बजे से भजन-कीर्तन के आयोजन किए गए। इसी क्रम में 22 नवंबर को समिति द्वारा गोद लिए गए ग्राम शिवराजपुर में ‘ग्राम सेवा-राम सेवा’ के अंतर्गत ग्राम संकीर्तन निकाला गया। ग्रामीण बालविकास के बच्चों ने श्लोक, कहानियों और मूल्यपरक गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान ग्रामीणों को भोजन प्रसाद के पैकेट तथा अतिवृद्धजनों एवं गर्भवती माताओं को साई प्रोटीन वितरित किया गया।

सात दिनों तक चले साई सप्ताह का समापन भी बाबा के जन्मोत्सव पर आयोजित विभिन्न सेवा एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। पूरे आयोजन में भक्ति के साथ मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

हमारे आदर्श
हमारे आदर्श हमारे आदर्श