जैन समाज की धर्मशाला में कब्जे को लेकर विवाद, थाने परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट,कई दिनों से चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदला, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल
कटनी। शहर में जैन समाज की धर्मशाला में कथित कब्जे को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। बुधवार को विवाद ने उस समय गंभीर रूप धारण कर लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से अनुराग जैन सहित कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली थाना पहुंच गए।
हालांकि, विवाद थाने पहुंचने के बाद भी शांत नहीं हुआ। यहां दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते थाना परिसर में ही जमकर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से थाने में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जाता है कि धर्मशाला पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बुधवार को मामला हाथापाई तक पहुंच गया। थाने परिसर में हुई मारपीट के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
धर्मशाला जैसे सामाजिक एवं धार्मिक स्थल को लेकर सार्वजनिक रूप से विवाद और फिर पुलिस थाने के भीतर ही मारपीट की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। अब पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।














