श्रद्धा और भक्ति के जयकारों के बीच कटाएघाट मेले का भव्य शुभारंभ,मधई मंदिर से निकली आकर्षक शोभायात्रा, महापौर प्रीति सूरी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामि
कटनी। नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक श्री बजरंग कटाएघाट मेले का मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। नगर निगम कटनी द्वारा आयोजित मेले की शुरुआत मधई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में भगवान श्री बजरंगबली की प्रतिमा, ध्वज-पताका और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शोभायात्रा कटाएघाट मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से बजरंगबली की स्थापना कर ध्वज-पताका फहराई गई।
शोभायात्रा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा प्रारंभ होने के पूर्व महापौर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मधई मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भगवान बजरंगबली की आरती कर शोभायात्रा रवाना की गई। वाहन में विराजित हनुमान जी की भव्य प्रतिमा के साथ ध्वज-पताका लिए श्रद्धालु और भजन मंडलियां आगे बढ़ीं।
शोभायात्रा मधई मंदिर से सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक और मिशन चौक होते हुए कटाएघाट मंदिर पहुंची। मार्ग में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
कटाएघाट मंदिर पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान बजरंगबली की स्थापना की गई। मंदिर परिसर में ध्वज-पताका फहराई गई और आरती के बाद मेले के शुभारंभ की परंपरागत रस्में पूरी की गईं। इसके साथ ही मंदिर परिसर में मेले की रौनक शुरू हो गई और श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र प्यासी, नागेंद्र पटेल, समाजसेवी संजय गुप्ता, विष्णु प्रसाद साहू, राकेश तिवारी, महेंद्र शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, निगम द्वारा संचालित तीनों स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा वर्षों से आयोजित किया जा रहा कटाएघाट मेला शहर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेले के शुभारंभ अवसर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर इस परंपरा के प्रति नगरवासियों की गहरी आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया।














