गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में गूंजे गुरबाणी के स्वर, श्रद्धा से मनाई जयंती भव्य दीवान सजा, शब्द कीर्तन और अरदास में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, लंगर में सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

Picsart 26 11 24 15 10 21 619

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में गूंजे गुरबाणी के स्वर, श्रद्धा से मनाई जयंती
भव्य दीवान सजा, शब्द कीर्तन और अरदास में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, लंगर में सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसा

कटनी। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व शहर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित प्रकाशोत्सव को लेकर सिख समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। बरही रोड स्थित श्री गुरु सिंह सभा के गुरुद्वारे में इस अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किए गए। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां भव्य दीवान सजाया गया, जहां दिनभर शब्द कीर्तन और गुरबाणी के मधुर स्वर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अरदास, हुकुमनामा और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। दोपहर में आयोजित गुरु का लंगर में सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर शहर भर में प्रकाश पर्व की शुभकामनाओं का सिलसिला भी चलता रहा। लोगों ने एक-दूसरे को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन के पूर्व शहर में नगर कीर्तन भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इसे भी पढ़ें-  गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य वाहन रैली, जयकारों से गूंजा कटनी, रैली का विश्राम बाबा में लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा कमेटी ने किया आत्मीय स्वागत, 24 नवंबर को मनेगा प्रकाश पर्व

गुरु नानक देव का संदेश आज भी प्रासंगिक

गुरु नानक देव जी का जन्म वर्ष 1469 में राय भोई की तलवंडी गांव में हुआ था, जिसे आज पाकिस्तान में स्थित ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। उन्होंने समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन दर्शन तीन प्रमुख सिद्धांतों- ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से मेहनत करो और मिल-बांटकर खाओ पर आधारित है।
गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया। कोरोना काल के दौरान भी सिख समाज की ओर से जरूरतमंदों के लिए की गई निःस्वार्थ सेवा ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया था। प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।