Latestराष्ट्रीय

भगवान राम से जुड़े स्थलों के दर्शनों के लिए भारतीय रेल चलाएगी ‘श्री रामायण एक्सप्रेस’

नई दिल्ली। भगवान श्री राम से जुड़े स्थलों के दर्शन के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। इनके लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) ने श्री रामायण एक्सप्रेस के नाम से विशेष पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

रेल मंत्री पीयूष गोयल 14 नवंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से इस श्री रामायण एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके जरिये भारत के साथ ही श्रीलंका में स्थित श्री राम से जुड़े स्थलों के भी दर्शन किए जा सकेंगे।

14 नवंबर से दिल्ली से शुरू होगी यात्रा
14 नवंबर को दिल्ली से रवाना होने के बाद इस विशेष ट्रेन का पहला पड़ाव अयोध्या होगा। हनुमान गढ़ी, रामकोट और कनक भवन मंदिर के दर्शन के बाद यह विशेष पर्यटक ट्रेन नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर, वाराणसी, प्रयाग, श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हंपी और रामेश्वरम जाएगी। यहां से जो यात्री श्रीलंका में स्थित भगवान राम से जुड़े स्थलों का दर्शन करने के लिए जाना चाहेंगे उन्हें हवाई जहाज से वहां ले जाया जाएगा।

किराया होगा मात्र 15 हजार
विशेष ट्रेन में 800 यात्री सफर कर सकेंगे। सिर्फ भारत में यात्र करने वाले यात्रियों को 15,120 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से किराया चुकाना होगा। वहीं, श्रीलंका जाने वालों को चेन्नई से हवाई मार्ग के जरिये कोलंबो ले जाया जाएगा। पांच दिन और छह रात वाले श्रीलंका के टूर पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति को 36,970 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। श्रीलंका में कैंडी, नुवारा एलिया, कोलंबो, नेगोंबो में रामायण काल से जुड़े स्थलों के दर्शन का मौका मिलेगा। भारत से श्रीलंका तक का सफर 16 दिनों का होगा।

27 पर्यटक सुविधा केंद्रों पर पर भी बुकिंग की सुविधा
आइआरसीटीसी का कहना है कि टूर पैकेज में सफर के दौरान भोजन, धर्मशालाओं में रात्रि विश्रम, मंदिर व अन्य स्थानों तक ले जाने की सुविधा शामिल है। आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर जल्द ही इसकी बुकिंग शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही देशभर में स्थित आइआरसीटीसी के 27 पर्यटक सुविधा केंद्रों पर भी इसकी बुकिंग कराई जा सकती है।

आइआरसीटीसी 28 अगस्त से 9 सितंबर तक रामायण सर्किट पर विशेष वातानुकूलित पर्यटक ट्रेन त्रिवेंद्रम से चलाएगा। यह ट्रेन पंचवटी, चित्रकूट, श्रृंगवेरपुर, तुलसी मानस मंदिर, दरभंगा, सीतामढ़ी, अयोध्या और रामेश्वरम जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button