Latest

सागर सांसद लता वानखेड़े ने सागर एवं आस-पास के क्षेत्र में रेलवे के विकास को गति देने के उद्देश्य से महाप्रबंधक के साथ की समीक्षा बैठक

स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं एवं आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को लेकर दिए महत्वपूर्ण सुझाव, महाप्रबंधक ने सकारात्मक कार्यवाही का दिया आश्वासन

जबलपुर(YASHBHARAT.COM)। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह गतदिवस सागर की सांसद लता वानखेड़े से सौजन्य भेंट करने पहुंचे। सागर सहित आसपास के क्षेत्रों के रेल विकास, यात्री सुविधाओं तथा अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने सागर एवं आसपास के क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार तथा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने।से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं मांगें महाप्रबंधक के समक्ष रखीं। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए स्थानीय यात्रियों की सुविधा और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल अधोसंरचना को मजबूत किए जाने की आवश्यकता बताई। महाप्रबंधक ने सांसद द्वारा रखे गए सभी सुझावों एवं मांगों को सकारात्मक रूप से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्तुत विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर संभावित एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर देखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया। सांसद श्रीमती वानखेड़े ने महाप्रबंधक के साथ सागर स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड पर चल रहे विभिन्न अनुरक्षण एवं अधोसंरचना कार्यों का संयुक्त निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकासात्मक विषयों की जानकारी भी महाप्रबंधक के साथ साझा की।

सागर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा

सागर स्टेशन के संयुक्त निरीक्षण के दौरान सांसद एवं महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने स्टेशन की सुविधाओं एवं क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव महाप्रबंधक के समक्ष रखे। महाप्रबंधक ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यकतानुसार कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

सागर–नारियावली के मध्य आरओबी की संरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने सागर–नारियावली के मध्य स्थित आरओबी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित संरक्षा मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दमोह स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने स्पेशल निरीक्षण यान से कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का रियर विंडो निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई तथा अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अनुरक्षण एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन, उच्च गुणवत्ता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) (CAO/C), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी (CAO/C/RSP), मुख्य ब्रिज इंजीनियर (CBE) एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर (DRM/JBP) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button