मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 24 सितंबर को स्लीमनाबाद में आयोजित होगा शिविर, स्लीमनाबाद क्लस्टर की 12 पंचायतों और कौडिया क्लस्टर की 11 पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण
कटनी (YASHBHARAT.COM)। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत गुरूवार, 24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्लीमनाबाद मे शिविर आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में प्रत्येक सप्ताह शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जा रही है।
अभियान के तहत बहोरीबंद विधानसभा के अंतर्गत स्लीमनाबाद क्लस्टर की 12 पंचायतों स्लीमनाबाद, छपरा, सिहुडीछपरा, सलेयाफाटक, बंधीस्टेशन, मतवारा, लखनवारा, तेवरी, गुदरी, संसारपुर, भेडा, बिचुआ व कौडिया क्लस्टर की 11 पंचायतों कौडिया, खिरहनी, बंधी, बंधीधूरी, सलेयाप्यासी, मवई, देवरी, चरगवां, पहरूआ, जुझारी, बडखेराभरदा के लिए ग्राम पंचायत भवन स्लीमनाबाद में शिविर आयोजित होगा। जहां नागरिक अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की कार्यवाही की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को शिविर के दौरान अधिकतम प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।








