नई दिल्ली: 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन ने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। आगामी रविवार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) खुले रहेंगे।
26 सितंबर (चौथा शनिवार) और 27 सितंबर (रविवार) की साप्ताहिक छुट्टियों के ठीक बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक यूनियनों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में लगातार 5 दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने से देश भर में बैंकिंग कामकाज और वित्तीय सेवाएं पूरी तरह ठप होने की आशंका जताई जा रही थी।
इसी असुविधा से बचाने और 30 सितंबर की ‘हाफ-ईयरली क्लोजिंग’ (Half-Yearly Closing) से पहले जरूरी वित्तीय लेन-देन पूरा करने के उद्देश्य से बैंकों को 27 सितंबर (रविवार) को अतिरिक्त कार्य दिवस के रूप में खोलने का निर्णय लिया गया है।