Friday, May 22, 2026
Latest:
FEATUREDLatest

बड़ी खबर: बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा का दिल्ली आवास पर फंदे से लटका मिला शव

हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध मौत हुई है. दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल के नजदीक बने फ्लैट में सांसद का निवास है. इसी निवास में 62 वर्षीय बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा का शव फंदे से लटका हुआ मिला. खुदकुशी के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उन्हें सुबह तकरीबन 8.30 बजे सूचना मिली कि आरएमएल अस्पताल के पास गोमती अपार्टमेंट (एमपी फ्लैट) में बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा ने आत्महत्या कर ली है. मौके पर जब अधिकारी पहुंचे तो सांसद का शव फंदे से झूलता हुआ मिला. अभी आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं है. पुलिस जांच में जुट गई है.

सांसद के स्टाफ ने बताई पूरी कहानी

दिल्ली पुलिस को बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा के स्टाफ ने बताया, ‘आज सुबह जब मैं कमरा खोलने गया तो वह अंदर से लॉक था, बार-बार आवाज लगाने के बाद भी कमरा नहीं खुला, फिर पुलिस को फोन किया गया, पुलिस के आने पर दरवाजा तोड़ा गया, इस दौरान सांसद का शव फंदे से लटक रहा था.’ मौके पर कई पुलिस अफसर पहुंच गए हैं.

बीजेपी ने रद्द की संसदीय दल की बैठक

बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के कारण बीजेपी ने आज होने वाली संसदीय दल की बैठक को रद्द कर दिया है.

मंडी से लगातार दूसरी बार सांसद बने रामस्वरूप शर्मा

  1. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर के रहने वाले रामस्वरूप शर्मा लगातार दूसरी बार सांसद बने. वह लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे. सांसद बनने से पहले वह मंडी जिले के बीजेपी सचिव और फिर हिमाचल प्रदेश बीजेपी के सचिव थे. वह हिमाचल फूड एंड सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम